दो टूक : सम्पूर्ण क्रांति दिवस
धीरु भाई (धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव)
आज पांच जून है
आज सम्पूर्ण क्रांति दिवस है
आज के दिन
पटना के
गाँधी मैदान में
जेपी ने
भरी थी हुंकार
बदल देंगे
सम्पूर्ण समाज
जो नहीं बदला।
जेपी ने कहा था
बिठाएंगे
समाज के
अंतिम व्यक्ति को
सत्ता के शीर्ष पर
“जो” है।
अब देखना है
“उसमें”
जेपी के
विचार हैं क्या?
उसके दिल में
महात्मा गाँधी
आचार्य नरेन्द्र देव
लोहिया
और
सीमांत गाँधी
अब्दुल गफ्फार के
संस्कार हैं क्या?
अगर मान लिए हैं कि है
तो यह दो टूक
आपके लिए नहीं है
उनके लिए है
जो अब भी
परिवर्तन की
उम्मीद में
धूल फांक रहे हैं
कि एक दिन
सत्य और ईमान का
उदय होगा
अन्याय और
भ्रष्टाचार का
क्षय होगा।
फिर इस देश का
अंतिम व्यक्ति ही
इस देश का
” इत्र ” होगा
लेकिन उसका
शीर्ष तक
पहुँचने का
रास्ता भी
पवित्र होगा
जो आज नहीं है।
5 जून 2021

