चर्चा में

यूपी चुनाव से पहले भाजपा में हलचल, संगठन के खाली पदों को भरने की कवायद जल्द होगी शुरू

( विजय कुमार गुप्ता )
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के अंदरखाने की खबरों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष ने लखनऊ में तीन दिन तक मंथन किया। इस मंथन के बाद बड़ी खबर यह है कि यूपी में संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

हालांकि सूत्र बताते हैं कि संगठन, सरकार के साथ मिलकर इन खाली जगहों को भरने की कवायद शुरू कर दी है, जो कि आने वाले समय में पूरी हो जाएगी. दरअसल अभी तक की जानकारी के मुताबिक प्रदेश में अल्पसंख्यक आयोग,अनुसूचित जाति आयोग, अन्य पिछड़ा आयोग में अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली हैं

भाजपा में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा अनुसूचित जाति मोर्चा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा में अध्यक्ष भी नहीं हैं. भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग, मीडिया संपर्क विभाग, प्रशिक्षण विभाग, प्रचार- प्रसार विभाग में टीम की कमी है. विधि प्रकोष्ठ, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, चिकित्सा प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ समेत कई प्रकोष्ठों मे नियुक्तियां होनी बाकी है.
आगामी विधानसभा चुनावों के चलते कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें मज़बूत करने के लिये ज़रूरी है कि उन्हें कुछ ज़िम्मेदारियां दी जाएं.लिहाज़ा अब संगठन और सरकार ने इस पर सहमति जताई है कि जल्द ही इन जगहों को भरा जाये, जिससे कि संगठन और मज़बूत हो सके.

सूत्रों के मुताबिक, बीएल संतोष के सामने सरकार और संगठन के खाली पदों का मसला उठा था. कई मंत्रियों ने ब्यूरोक्रेसी पर भी सवाल उठाए थे. हालांकि, मीडिया के कैमरे के सामने कई बड़े मंत्री और संगठन के बड़े पदाधिकारी ऑल इज वेल बोलते रहे, लेकिन अंदरखाने हलचल काफी तेज हो गई थी और सबने अपनी मन की भड़ास बताई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *