आयुष्मान मित्रों को दिवाली का तोहफा, दो गुना हुआ मानदेय
■ स्वास्थ्य विभाग और लाभार्थियों के बीच की कड़ी हैं आयुष्मान मित्र: सीएमओ
मऊ। सरकार ने दीवाली से पहले ही प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के आयुष्मान मित्रों (आरोग्य मित्रों) के मानदेय में बढ़ोतरी कर उनकी खुशियों को दो गुना कर दिया है। अब इन्हें दो गुना मानदेय मिलेगा। इसका भुगतान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत लाभार्थी के इलाज में मिलने वाली धनराशि में ही समायोजित किया जाएगा।
अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आबद्ध सभी अस्पतालों में कार्यरत आरोग्य मित्रों के मानदेय के पुनर्निधारण की बात कही है। आयुष्मान मित्रों को पहले प्रतिमाह 5000 रूपये मानदेय तथा प्रति उपचारित व्यक्ति 50 रूपये का प्रोत्साहन राशि मिलती थी, मगर अब इनका मानदेय बढ़ाकर 10,000 रूपये कर दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सतीशचन्द्र सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में आठ आयुष्मान मित्र (नामित) तैनात हैं। सरकार के निर्देशों के अनुसार आयुष्मान मित्रों को नए आदेश के तहत लाभ मिलेगा। आयुष्मान मित्र जनता और स्वास्थ्य विभाग के बीच की वह कड़ी होती है जो सीधे लाभार्थी को स्वास्थ्य विभाग से जोड़ने का कार्य करते हैं, जिसमें कि आयुष्मान मित्र द्वारा लाभार्थी को भर्ती कराने से लेकर डिस्चार्ज होने के समय तक पूरा तकनीकी सहयोग दिया जाता है और उसके बाद मौके पर जरूरत पड़ने पर उन लाभार्थियों को आयुष्मान भारत संबंधित सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाती हैं इसलिए एक तरह से कहा जाए तो आयुष्मान योजना के रीढ़ की हड्डी की तरह यह आयुष्मान मित्र कार्य करते हैं। सरकार द्वारा मानदेय दो गुना करने से आयुष्मान मित्रों को दो गुने जोश के साथ निष्ठा पूर्वक कार्य करने का बल मिलेगा।
कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनात (नामित) आरोग्य मित्र अभितेंद्र सिंह ने कहा कि मानदेय बढ़ोतरी पर बेहद खुशी है। पहले इस मानदेय से खर्च चलाना मुश्किल था लेकिन सरकार ने मानदेय बढ़ाकर हम लोगों को मनोबल बढ़ावा है। अब सभी लोग दो गुने मन से काम करेंगे।
मुमुह्म्दाबाद गोहना ब्लाक के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के (नामित) आरोग्य मित्र अविनाश सिंह ने बताया कि मानदेय न मिलने से मन उदास रहता था, अब सरकार ने मानदेय दो गुना कर दीपावली में खुशियां भी दो गुनी कर दी हैं।

