चर्चा में

प्रशासन ने इण्टर कालेज से मुक्त कराई 56 बीघा जमीन, फर्जी तरीके से चकबंदी कराकर था कब्जा जमाया

उत्तर प्रदेश में सरकार इन दिनों सरकारी जमीनों को अवैध कब्जेदारों से मुक्त कराने की मुहिम छेड़ रखी है। माफिया हों या रसूखदार सभी शासन व प्रशासन की कार्रवाई से बच नहीं पा रहे हैं। शासन की मंशा और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पूरे प्रदेश में खलबली मची हुई है। इसी क्रम में बुधवार को हाथरस जनपद के सासनी के प्रतिष्ठित केएल जैन इंटर कॉलेज प्रबंधन लगभग 56 बीघा (12.733 हेक्टयेर) जमीन से बुधवार को जिला प्रशासन ने कब्जा हटवा कर अपने कब्जे में ले लिया। फर्जी तरीके से चकबंदी कराकर विद्यालय प्रबंधन इस जमीन पर कृषि विद्यालय संचालित करा रहा था। कब्जा मुक्ति के दौरान विद्यालय संचालकों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। जिलाधिकारी के आदेश पर तहसील की टीम ने कब्जा हटवाकर वहां ताला लगा दिया है।
तहसील सासनी की ग्राम पंचायत बिजहारी की गाटा संख्या 20अ 12.733 हेक्टेयर भूमि पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा कृ़षि विद्यालय संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में प्रधान सीमा देवी ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने जांच में पाया कि इस राजकीय भूमि को विद्यालय प्रबंधन के छेदीलाल पुत्र किरोड़ीलाल ने गैरदाखिल कास्तकार के रूप में ली थी। नियमानुसार गैर दाखिल कास्तकार उस जमीन को जोतने के लिए प्रयोग कर सकता है। ऐसी भूमि पर उसका स्वामित्व नहीं होता। वर्ष 1958 में छेदीलाल ने फर्जी तरीके से प्रविष्ट दाखिल कर अपने नाम चकबंदी करा ली। इसकी खतौनी कराकर विद्याभवन हाईस्कूल सासनी के नाम से विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया। बाद में यहां कृषि विद्यालय संचालित किया जाने लगा। जांच के बाद जिलाधिकारी ने छेदीलाल द्वारा कराई गई प्रविष्टि को फर्जी मानते हुए इसे निरस्त कर दिया और इस भूमि को राजकीय संपत्ति में दर्ज करा दिया। जिलाधिकारी के आदेश के बाद बुधवार को तहसीलदार निधि भारद्वाज, नायब तहसीलदार रामगोपाल आदि उक्त भूमि को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे। यहां विद्यालय संचालकों से उनकी नोकझोंक भी हुई। जिलाधिकारी के आदेश का पालन कराते हुए तहसील प्रशासन ने उक्त भूमि पर बने कमरों के ताले तुड़वाकर अपने ताले डाल दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *