अपना जिला

गाँधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण पर हुई चर्चा।

देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर गाँधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत
ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण पर चर्चा हुई । इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्रतापगढ़ जिले के शहाबपुर गाँव के ग्राम प्रधान प्रभाकर सिंह को आमंत्रित किया गया था जिन्हें माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2020 के लिए दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण राष्ट्रीय पुरस्कार (प्रदेश में प्रथम स्थान) प्रदान किया गया है । उन्हें 2019 में भी यह पुरस्कार (प्रदेश में सातवां स्थान) प्राप्त हो चुका है।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में पेज के एडमिन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, प्रयागराज में राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी व भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि व मंच संचालक ने आमंत्रित अतिथि का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया । आमंत्रित अतिथि ने अपनी और अपनी ग्राम पंचायत की उपलब्धियों का विवरण देते हुए बताया कि शिक्षा, कृषि, अन्य विकास कार्य, जल संरक्षण, युवाओं को रोजगार, वृक्षारोपण, पशुपालन, स्वच्छ पेय जल की व्यवस्था, सिंचाई के साधनों की समुचित व्यवस्था, बेटियों की शिक्षा व उन्हें अन्य सुविधाएं प्रदान करना, गाँव में स्वच्छता, लाइटिंग की व्यवस्था आदि जैसी सुविधाओं पर ईमानदारी और लगन से कार्य करने की आवश्यकता है। ग्राम प्रधान अपने को सेवक मानकर गाँव के नागरिकों की सेवा करें और उनकी सुख-सुविधाओं का ध्यान रखें । उन्होंने ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
दर्शकों ने अपने कमेन्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम की बहुत सराहना की । उल्लेखनीय है कि देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल नामक यह फेसबुक पेज इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध करने और इसे बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कला, शिक्षा, रोजगार, कृषि आदि के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने की दृष्टि से एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को इस मंच पर लाकर उन्हें आगे बढ़ाने में उनका मार्गदर्शन व सहयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया है । उसी उद्देश्य के अंतर्गत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *