प्रदेश सहकारी उपभोक्ता संघ के उपाध्यक्ष अरिजीत सिंह ने कहा गांव व गरीब का विकास करना लक्ष्य
मऊ । प्रदेश सहकारी उपभोक्ता संघ के उपाध्यक्ष अरिजीत सिंह ने कहा कि गांव-गरीब और किसान का विकास करना ही ध्येय है। किसानों के उत्थान के लिए सतत प्रयत्नशील रहूंगा। वे गुरुवार को बाजार में भाजपा की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं भी किसान का बेटा हूं। किसानों का दुख-दर्द अच्छी तरह समझता हूं और किसान हित में जो भी संभव होगा हर कदम उठाऊंगा। किसानों को खाद और बीज के लिए परेशान ना होना पड़े, हर समस्या के लिए मेरा दरवाजा प्रदेश के हर किसान के लिए सदा ही खुला रहेगा। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि गांव, गरीब और किसान, महिलाओं के उत्थान और सम्मान के लिए वर्तमान सरकार ने जो कार्य किए हैं ऐसा कभी नहीं हुआ। समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयत्नशील है। उन्होंने गुलौरी ग्राम पंचायत के शिव मंदिर पर बूथ कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार राजभर के संयोजकत्व में आयोजित सहभोज कार्येक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री रामाश्रय मौर्य, मंडल अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, नीतीश कुमार गोंड़, ज्योतिश्वर सिंह, विनोद कुमार गुप्त, डा. अभिमन्यु सिंह, श्रीभगवान दास गुप्त, ब्रजभूषण सिंह, बृजेश सिंह आदि उपस्थित थे।

