अखबार का कोना

औड़िहार-भटनी रेल लाईन पर दौड़ी इलेक्ट्रिक ट्रेन, CRS ने की जांच

● बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मूलभूत सुरक्षा व सिग्नल व्यवस्था सुरक्षा के मानकों को परखा

बिल्थरारोड / बलिया।वाराणसी-भटनी रेल प्रखंड पर 125 किमी हुए विद्युतीकरण के पश्चात मानक के अनुरूप सिग्नल व्यवस्था व यात्रियों की मूलभूत सुरक्षा की जांच को परखने के लिए सोमवार को सीआरएस लतीफ खान अपने निरीक्षण यान से स्थानीय स्टेशन पहुंचे। उन्होंने इस दौरान यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता को परखने का भी कार्य किया।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औड़िहार – भटनी जं० रेल प्रखण्ड पर चल रहे दोहरीकरण व विद्युतीकरण के सुरक्षा मानकों की जांच करने बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पहुंचे सीआरएस ने स्टेशन का निरीक्षण किया व सिग्नल व्यवस्था सुरक्षा के मानक के अनुरूप है कि नहीं इसकी जांच की। उन्होंने रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिए बोर्ड लगा है कि नहीं इसका भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युतीकरण के बाद सिग्नल व्यवस्था के बदलाव के बारे मे स्थानीय रेलवे स्टाफ से जानकारी ली तथा उन्हें सुरक्षा के बारे मे टिप्स दिए। उन्होंने बिल्थरारोड स्टेशन पर दोनो दिशाओं से यातयात की सुगमता पर प्रसन्नता व्यक्त की । इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुरक्षा के इंतजाम व क्लोज सर्किट कैमरों से मानिटरिंग पर संतोष व्यक्त किया । इसके बाद वे अपने स्पेशल यान से विंडो ट्रेलिंग एवं स्पीड लिमिट चेक करते हुए बिल्थरारोड से इंदिरा ज0 स्थित एसएसपी यानी पावरहाउस का निरीक्षण को रवाना हो गए। स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंचने के पूर्व रेल अधिकारी ने भटनी जं०, सलेमपुर रेलवे स्टेशन के साथ ही तुर्तीपार पुल की सिग्नल व सुरक्षा मानकों की जांच की तथा लाइन फिटिंग्स, क्रासओवर लाइन, ओवर हेड ट्रैक्शन, कलर लाइट सिगनल, सूचना/चेतावनी बोर्ड, पर्याप्त दूरी के मानकों का निरिक्षण किया। वे अपने निरीक्षण यान से विंडो ट्रेलिंग करते हुए रेलवे ट्रैक, ओवर हेड केबिल 800 केवी हाई टेंशन एच टी क्रासिंग तथा तुर्तीपार हाल्ट – बेल्थरा रोड रेल खण्ड पर घाघरा नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया और ट्रैक्शन लाइन के आइसोलेशन के संबंध में मातहतों को दिशानिर्देश दिया। सीआरएस श्री खान ने औड़िहार ज0 – भटनी जं के बीच पड़ने वाले माइनर एवं मेजर ब्रिज, कर्वेचर, पुल एवं पुलिया, पॉइंट्स एंड क्रासिंग, ओवर हेड लाइन, विद्युत् पोल, रेलवे ट्रैक लाइन फिटिंग्स, विद्युतिकृत कलर लाइट सिगनल, हाई वोल्टेज चेतावनी बोर्ड, सड़क अंडरपास एवं रेलवे क्रासिंग आदि का भी निरिक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक(परिचालन) एस.पी.एस. यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय अतुल त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर पंकज केशरवानी, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर सामान्य सत्येंद्र यादव, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एस.के.यादव के साथ स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार मौर्य, वाणिज्य अधीक्षक विनोद यादव, जेडआरयूसीसी मेम्बर देवेन्द्र कुमार गुप्त सहित स्थानीय रेल अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *