बाइक पर डबल सवारी को लेकर प्रशासन के तेवर सख्त, दूसरी सवारी को जाना पड़ सकता है जेल
(श्रीराम जायसवाल )
मऊ। लॉक डाउन 4 में तमाम आदेश के बावजूद आज सड़कों पर काफी अनियमितता देखने को मिली जिसको जिला प्रशासन ने संज्ञान में लेते हुए सख्त कार्रवाई का मन बना लिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने कहाकि तमाम निर्देशों के बावजूद लोग आत्म नियंत्रित होने को तैयार नहीं है, ऐसे में कड़े कदम उठाना आवश्यक है। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कल दिन गुरुवार से मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति को आपदा अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति ही चल सकता है आवश्यक होने पर केवल महिलाओं व बच्चों को छूट प्रदान की जाएगी, लेकिन उन्हें भी हेलमेट पहनना आवश्यक होगा।
उन्होंने जनपद वासियों से अपील किया कि वर्तमान समय में वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। ऐसे में लोग घरों में रहे खासकर बाहर से आए लोगों को घर में ही रहने की आवश्यकता है। लोग आत्मनियंत्रित होकर नियमों का पालन करें जिससे इस महामारी से बचाव संभव हो सकेगा।

