पुलिस अभिरक्षा में आरोपी युवक ने थाने से दो सौ मीटर दूर लगायी फांसी
लखीमपुर। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने थाने से करीब 200 मीटर दूर फांसी लगा ली ।मृतक तीन दिन से पुलिस की अभिरक्षा में था। मृतक पर महिला को भगाने का आरोप था। जिसके तहत उसे हिरासत में लिया गया था। आज सुबह महिला के बयान दर्ज होने से पहले ही हुई युवक की मौत से पुलिस पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उधर मृतक के परिजनों का आरोप है कि मृत्यु के बारे में पुलिस गुमराह कर रही है, जबकि सुबह ही बेटे से बात हुई थी।
मामला जिले के हैदराबाद थानाक्षेत्र का है। यहां के ग्राम उदयपुर लोन पुरवा निवासी विवेक वर्मा (22) पिछले करीब तीन दिन से पुलिस की हिरासत में था। उस पर एक दो बच्चों की मां अंजलि को बहला-फुसलाकर अपने साथ भागने का आरोप था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह विवेक के परिजन करीब 10 बजे थाने पहुंचे तो उसको वहां नहीं पाया। परिजनों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी कि विवेक को इलाज के लिए भेजा गया है, उसने आत्महत्या की कोशिश की है। जबकि सुबह 8:00 बजे ही विवेक से बात हुई थी।
एसपी पूनम का कहना है कि थाना परिसर के अंदर युवक ने आत्महत्या नहीं की है। थाने के पीछे करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ है, जहां युवक ने आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।

