चर्चा में

करेंट लगाकर सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष और उनकी पत्नी की हत्या से सनसनी

■ एडीजी, एसएसपी, सांसद, विधायक मौके पर

आगरा। आगरा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब शमसाबाद में डबल मर्डर का मामला सामने आया। सर्राफ एवं उनकी पत्‍नी की करंट लगाकर निर्मम हत्‍या हुई।  एसएसपी बबलू कुमार के साथ पुलिस टीम पड़ताल में लगी थी।
सर्राफा कमेटी के अध्‍यक्ष मुकलेश गुप्‍ता (62 वर्ष) और उनकी पत्‍नी लता गुप्‍ता (60) की हत्‍या हुई है। दोनों घर में अकेले ही थे।
सुबह नौकरानी सोमवती (75 वर्ष) घर में काम करने पहुंचीं तो उन्‍होंने पहले आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। एक कमरे से चाबी लेकर वे दूसरे कमरे में काम करने पहुंचींं तो वहां दंपती मरे पड़े थे। सोमवती के शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे। उन्‍होंने मृतक दंपती के परिजनों को सूचित किया। दंपती के तीन पुत्रियां हैं और तीनों का विवाह हो चुका है।
सीओ फतेहाबाद प्रभात कुमार और एसपी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। घटनास्‍थल पर मुकलेश गुप्‍ता के पैरों में फ्रिज के तार को बांधकर करंट लगाया गया था। वहीं शरीर से खून निकलने के भी निशान थे, यानि पहले मारपीट हुई। मृतका लता गुप्‍ता हाथों में सोने की अंगूठियां थी। माना जा रहा है कि हत्‍यारे घर से अन्‍य सोने चांदी के आभूषण और नकदी ले गए। घटनास्‍थल पर एसएसपी बबलू कुमार और फोरेसिंक एक्‍सपर्ट भी पहुंच गए थे। फोरेसिंक एक्‍सपर्ट सबूत जुटा रही थी। एडीजी अजय आनंद, फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर, विधायक फतेहाबाद जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह के अलावा हजारों लोग पहुंच चुके थे। हत्‍याओं के विरोध में शमसाबाद का बाजार बंद रखा गया है। लोग घटना के खुलासे की मांग कर रहे हैं। परिवारीजनों के मुताबिक मुकलेश गुप्‍ता और लता गुप्‍ता शाम छह बजे के बाद दूसरी चाय रात आठ बजे पीते थे। शाम का दूध डाइनिंग टेबल पर रखा हुआ मिला। इससे माना जा रहा है कि हत्‍या सोमवार रात आठ बजे से पहले ही हो गई।
बताते है कि सर्राफ मुकलेश गुप्‍ता के घर पर पांच अल्‍मारियां हैं। इनमें से अल्‍मारियों में रखा सोना और नकदी गायब है। इन अल्‍मारियों में रखी चांदी हत्‍यारे छोड़ गए हैं। अन्‍य तीन अल्‍मारियों को हाथ भी नहीं लगाया गया।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सर्राफ सोना गिरवी रखकर उधार भी देते थे। चूंकि अल्‍मारियों में कितना सोना और नकदी थी, इसकी जानकारी सिर्फ मृत दंपती को ही थी। अब सर्राफ की बेटी बहीखातों को देखकर आकलन कर रही थी। तभी साफ हो पाएगा कि कुल कितने की लूटपाट हुई। मृत सर्राफ दंपती की हत्‍या के लिए बेहद क्रूर तरीका अपनाया गया। फिलहाल पुलिस बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *