ठंड में गर्भवती रखें खास ख़्याल : डॉ अलका राय
मऊ । कड़ाके की ठंड के कारण सभी का बुरा हाल हो रखा है। वहीं ठंड के मौसम में गर्भवती की जरा सी लाहपरवाही मां और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों के लिए घातक साबित हो सकती है। ऐसे में गर्भवती को अपने स्वास्थ्य का विशेष ख़्याल रखना बेहद आवश्यक है।
जिला महिला अस्पताल की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अलका राय का कहना है कि ठंड में गर्भवती महिलाओं को सर्दी-खांसी, इंफेक्शन और ड्राई स्किन की समस्या अक्सर हो जाती है। सर्दी के मौसम में सिर से पैर तक खुद को पूरा ढककर रखें। बाहर जाते समय गर्म और आरामदायक कपड़े पहने। इसके अलावा ठंडी हवा से खुद को बचाने के लिए ऊनी मोजे, दस्ताने और टोपी या स्कार्फ पहनें।
खानपान का रखें विशेष ख़्याल…
डॉ॰ अलका ने बताया कि इस मौसम में ऐसी चीजों का सेवन करें जो आसानी से पचायी जा सकें ताकि शरीर में पानी की कमी न रहे और प्रतिरक्षा प्रणाली भी मजबूत बनी रहे। अपने आहार में विटामिन सी से भरपूर संतरा खाएं, इसके अलावा रात को सोने से पहले केसर-बादाम युक्त दूध लें जिससे शरीर में गर्माहट बनी रहे। गर्भावस्था में भ्रूण विकास के लिए प्रोटीन से भरपूर चोकर युक्त आटा, दूध, पनीर, दाल, बथुआ, साग, पालक के साथ हरी सब्जी खाएं और मांसाहारी में अंडे, चिकन, फिश आदि का सेवन करें। इसके खाने से गर्भवती के साथ-साथ गर्भस्थ शिशु भी स्वस्थ रहेगा। उन्होने बताया कि गर्भावस्था के दौरान बासी भोजन का सेवन मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए खतरनाक हो सकता है। गर्भावस्था में ताजे बने खाने का ही सेवन करना चाहिये।
स्वास्थ्य समस्या पर डॉक्टर से जरूर मिलें
डॉ अलका ने बताया कि सर्दी-खांसी, जुकाम, इंफेक्शन और फ्लू होने पर जिला महिला अस्पताल या अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर डॉक्टर को दिखाएं। बिना डॉक्टर की सलाह से किसी भी प्रकार की दवा न लें। इस मौसम में रूखी त्वचा होने से खुजली की भी समस्या हो सकती है। इससे बचने के लिए उबालकर गुनगुने पानी का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। इसके अलावा चेहरे के साथ पूरे शरीर में क्रीम का प्रयोग करें।

