अपना जिला

बिल्थरारोड का ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस, उमड़े श्रद्धालु,

■ आकर्षक झांकियों व हैरतअंगेज खेल रहे आकर्षण का केन्द्र

बिल्थरारोड/ बलिया। मानस मंदिर महावीरी झंडा व दुर्गा पूजा समिति व यूनाइटेड क्लब महावीरी झंडा पूजा एवं दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में मंगलवार को महावीरी शोभा यात्रा पूरी श्रद्धा व उल्लास के साथ निकाला गया। कड़ी धूप के बावजूद हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु सड़कों व घरों के छतों व छज्जों पर डंटे रहे। शोभा यात्रा में शामिल एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियों ने जहां लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया वहीं विभिन्न अखाड़ों के
खिलाड़ियों के हैरतअंगेज कारनामों ने लोगों को दांतो तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया । इसमें शामिल ऊंट, हाथी व घोड़े बच्चों को विशेष आकर्षित करते नजर आये । जुलूस में शामिल युवा जहां बैंड की धुन पर थिरक रहे थे तो वहीं बजरंग बली की झांकी के साथ जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।

राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर ने जहां यूनाइटेड क्लब में फीता काटा वहीं विधायक धन्नजय कन्नौज्जिया व नपं अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्त ने संयुक्त रूप से मानस मंदिर व यूनाइटेड क्लब में हरि झंडी दिखाकर शोभा यात्रा को रवाना किया।
सबसे पहले श्री मानस मंदिर महावीरी झंडा एवं दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में शोभा यात्रा अपराहन 1:00 बजे से प्रारंभ हुआ। जिसमें जहां सबसे आगे गगनचुंबी पताका लिए लोग चल रहे थे वहीं उनके पीछे हाथी, घोड़े व ऊंट कतारबद्ध होकर चल रहे थे। मानस मंदिर से प्रारंभ होकर जुलूस नगर के पूर्व दिशा की ओर रवाना हुआ इसी दौरान दूसरी तरफ से श्री श्री सार्वजनिक महावीरी झंडोत्सव पूजा समिति यूनाइटेड क्लब की  शोभा यात्रा अपने प्रांगण से रेलवे चौराहा की तरफ आगे बढ़ी। रेलवे चौराहा पर
पहुंचने के बाद शोभा यात्रा मानस मंदिर के साथ जुड़ गई। तत्पश्चात शोभायात्रा संयुक्त रुप से नगर का चक्रमण करते हुए चौधरी चरण सिंह तिराहे की तरफ बढ़ चली। शोभायात्रा में शामिल चंद्रयान, राफेल, जाबांज सैनिक अभिनंदन के साथ ही श्री कृष्ण राधा की नाट्य मंडली , कैलाश पर्वत पर शिव पार्वती, राम दरबार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की झांकियां व ब्रह्मोस मिसाइल की झांकी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसमें एक तरफ युवा
जहां मस्ती के आलम में बैंड बाजा व तासा की धुन पर थिरकने में मदमस्त रहे वहीं दूसरी तरफ दूर दराज से आए नर नारी बजरंगबली की आकर्षक झांकी के पीछे चलते हुए गगनभेदी जयकारे लगा रहे थे। बजरंगबली के जयकारों से समूचा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से
लवरेज हो‌ उठा। जुलूस के दौरान पहले चिलचिलाती धूप तो बाद में बादल की छांव भी श्रद्धालुओं की आस्था डिगा पाने में असमर्थ रहीं । श्रद्धालुओं की जितनी भीड़
सड़कों पर नजर आ रही थी उससे कहीं अधिक घरों की छतों पर खड़े होकर शोभा यात्रा का आनंद लेते हुए लोग दिखाई दे रहे थे। शोभा यात्रा सोनाडीह बाईपास पहुंच कर
बस स्टेशन होते हुए कृषि मंडी पहुंची। उसके बाद नगर पंचायत कार्यालय से होकर मोहन मार्केट होते हुए अपने पूर्व स्थान पर पहुंचकर संपन्न हो गई। इस अवसर पर
यूनाइटेड क्लब के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद मधु और मानस मंदिर के अध्यक्ष भोला जायसवाल के अलावा प्रशांत कुमार मंटू, सुनील कुमार टिंकू, अशोक मधुर, पवन मित्तल, डॉ हरि प्रकाश गुप्ता, विनोद कुमार पप्पू, रितेश यादव रक्षक, अमित जायसवाल , पंकज मोदी, दिलीप कन्नौजिया,  मंटू मल्ल, सुशील वर्मा, बलराम जायसवाल, सरदार महेंद्र सिंह, टनटन, बैजनाथ प्रसाद साहू, अंगद मोदनवाल, दीनानाथ वर्मा, जितेंद्र प्रजापति, हरिश्चंद्र,
राजकुमार, अनूप कुमार, सतीश वर्मा, भोलू जायसवाल, बजरंगी सोनी, नीरज तिवारी, सोनू मोदनवाल, बजरंगी मद्धेशिया, अजय जायसवाल, गुड्डू, मनीष जायसवाल, अमरचंद गुप्ता , रतन जायसवाल, पुनीत गुप्ता, सुधीर मौर्य, पिक्की वर्मा, संतोष बड़े, किशन जायसवाल, दिव्यांश जायसवाल,  मल्लू जायसवाल, चुन्नू गुप्ता, मनोज गुप्ता, मुन्ना, कृष्णाजी व राजू जायसवाल, राममनोहर गांधी आदि मौजूद रहे।

माननीय भी शामिल रहे जुलूस में…

जुलूस में राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, विधायक धन्नजय कन्नौज्जिया, नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, अधिवक्ता व सरकार के जीएसटी सलाहकार पवन जायसवाल, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव, पूर्व चेयरमैन डाक्टर हरि प्रकाश गुप्ता ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।


शोभा यात्रा के आकर्षण में बंधे रहे श्रद्धालु…

नगर में निकले ऐतिहासिक महावीरी शोभा यात्रा की झलक अपनी नजरों में कैद करने के लिए नगरवासी अपने कार्य छोड़कर पूरे मनोयोग से लगे हुए थे। सुबह से ही आसपास के गांवों के ग्रामीणों का नगर में पहुंचना शुरू हो गया था । जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा था, वैसे-वैसे नगर की सड़कें और गलियां श्रद्धालुओं से भरती जा रहीं थीं। एक समय ऐसा भी आया जब नगर की गलियों व सड़कों पर तिल रखने की जगह भी नहीं रह
गई । जुलूस को लेकर लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। नगर में जुलूस मार्ग में पड़ने वाले घरों की छतों पर महिलाएं व युवतियां ठसाठस भरे हुए नजर आ रहे
थे। जुलूस के दौरान ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे नगर की सांस ही थम गई हो। इसे देखने के लिए लोगों ने अपने सभी कार्यो को भी ठप कर रखा था। इस दौरान नगर में चारों तरफ सिर्फ बैंड-बाजा, तासा के साथ बजरंग बली के जयकारों की ही ध्वनि गूंजायमान रही। हाथी, घोड़े व
ऊंट के अलावा खिलौने की दुकानें छोटे-छोटे बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने हुई थी तथा वे उन पर सवारी करने को लेकर मचलते हुए नजर आ रहे थे।

सतर्क पुलिस -प्रशासन की चप्पे-चप्पे पर रही नजर…

जुलूस को शांति पूर्वक सम्पन्न कराने व किसी भी स्थिति से निपटने के लिए 10 थानों के 20 एसआई, 35 हेड
कांस्टेबल, 120 कांस्टेबल के साथ ही 10 महिला आरक्षी एस ओ समेत दो प्लाटून पीएससी, दो फायर बिग्रेड, यातायात पुलिस तथा दो क्यूआरटी टीम को लगाया गया
था। एसडीएम मुन्नी लाल यादव, सीओ रसड़ा व थानाध्यक्ष उभांव योगेंद्र बहादुर  सिंह शोभा यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुबह से ही नगर का चक्रमण कर स्थिति का जायजा लेते नजर आ रहे थे। देर शाम जुलूस के
शांतिपूर्वक संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
लोक नृत्य भी रहे शामिल

शोभा यात्रा में प्रायः विलुप्त होने की ओर अग्रसर लोक नृत्य गोड़ऊ व धोबऊ नाच नयी पीढ़ी के लिए काफी विस्मयकारी साबित हो रही थी।

गंगा जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा हिन्दू – मुस्लिम एकता मंच का स्टाल…

जामा मस्जिद के पास हिन्दू मुस्लिम एकता मंच एवं संकल्प सोसाइटी द्वारा स्टाल लगाकर जुलूस में शामिल
श्रद्धालुओं को पानी व शर्बत पिलाने का कार्य किया गया जिसकी सर्वत्र सराहना हुई । स्टाल पर शर्बत पिलाने वालों में खालिद ज़हीर, बलवंत भारद्वाज, बागीश पांडेय, प्रशांत रंजन यादव, डा.असलम, नैयर आजम, जशुराम राजभर, राजू, मुमताज, परवेज , अरफ़ातशमशेर ,मुन्ना, माखन, बाबू, दानिश, जक्की अहमद, रिंकू, सड्डू, ताहिर, मोईद आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *