स्वागत अभिनंदन के बहाने घोसी की नब्ज टटोलने आ रहे स्वतंत्र देव सिंह
(आनन्द कुमार)
मऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भाजपा प्रदेश इकाई की कमान संभालने के बाद पहली बार मऊ जनपद आ रहे हैं। श्री सिंह नरई बांध स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद गृहस्त प्लाजा में पार्टी जनों के कार्यशाला में प्रतिभाग करेंगे। उसके बाद श्री सिंह घोसी में पार्टी के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वैसे तो नगर सहित जनपद के हाईवे से लगायात रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, छोटे-बड़े कस्बों में जगह-जगह उनके मऊ आगमन पर स्वागत और अभिनंदन के होर्डिगों से पटा पड़ा है और पार्टी के लोग पूरी जी-जान से अपने नेता के स्वागत अभिनंदन की तैयारी में लगे हुए।
नेता का आना-जाना स्वागत, अभिनन्दन तो एक बहाना होता है असल में नेता का इसके पीछे पार्टी का लक्ष्य, पार्टी व कार्यकर्ताओं को मजबूती देना होता है और अगर चुनाव हो तो फिर क्या कहना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पूर्व मंत्री और घोसी के विधायक फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद घोसी विधानसभा के उपचुनाव की तैयारी और कैसे घोसी के रण को जीते उसे भेदने की तैयारी के साथ मंथन करने आ रहे हैं। घोसी विधानसभा के उप चुनाव के साथ-साथ मऊ जनपद का भारतीय जनता पार्टी का अगला जिलाध्यक्ष कौन होगा उसकी भी तहकीकात स्वतंत्र देव सिंह कर सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी के हाईकमान द्वारा स्वतंत्र देव सिंह को उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कमान सौंपे जाने के बाद स्वतंत्र देव सिंह की जिम्मेदारी बढ़ गई है। यूपी के 13 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में घोसी विधानसभा के उपचुनाव पर कैसे भारतीय जनता पार्टी का झंडा लहराएगा यह उनके लिए ही नहीं पार्टी के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल है। ऐसे में उप चुनाव स्वतंत्र देव सिंह के लिए अग्नि परीक्षा से कम नहीं है।
बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद रिक्त हुयी घोसी विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशियों की गणेश परिक्रमा व अपना-अपना जुगाड़ लगाने की जुगत जारी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने के लिए डॉ एच एन सिंह पटेल, डॉ शाहनवाज, डा. सीता राय, मनोज राय, राम विलास चौहान, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र राय, शकुन्तला चौहान, लालचंद चौहान, मुन्ना राजभर, कौशल चौहान, भरत भैया, सुनील गुप्ता, मनोज राजभर के अलावा दूसरे दल के लोग भी लाइन में हैं। इसके अलावा आगामी जिलाध्यक्ष की भी कमान संभालने के लिए लंबी कतार लगी हुई है। ऐसे में भाजपा के दिग्गज नेता लाइन में है। ये लोग भी स्वतंत्र देव सिंह तक अपनी बात रखने की जुगत लगाएंगे।

