जीआरपी शामली के थानेदार ने पत्रकार को बेरहमी से पीटा, डीजीपी ने किया सस्पेंड
■ वर्दी में गुंडे घूम रहे हैं….
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पटरी से उतरी मालगाड़ी की कवरेज करने गए पत्रकार की जीआरपी के लोगों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि पत्रकारों के साथ बदसलूकी और अमानवीय कृत्य किए गए। आरोप है कि पुलिसकर्मी सादी वर्दी में थे और उन्होंने घटनास्थल पर ही गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी साथ ही मीडियाकर्मियों का माइक भी छीन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए DGP ओपी सिंह ने जीआरपी के इंस्पेक्टर राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
पत्रकार ने आरोप लगाया है कि पुलिसवाले उनसे कैमरा छीनने लगे और कैमरा नीचे गिर गया। वह कैमरा उठाने के लिए झुके तो सादी वर्दी में एक पुलिसवाले ने पिटाई शुरू कर दी और भद्दी गालियां देने लगा। मीडियाकर्मी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें लॉकर में बंद कर दिया और फिर मुंह में पेशाब की।
बता दें कि यह घटना शामली शहर के धीमानपुरा फाटक के पास की है जहां ट्रैक बदलने के दौरान मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए थे। डिब्बे उतरने की वजह से जोर की आवाज भी हुई। शामली-सहारनपुर रेल मार्ग पर इस हादसे की वजह से ट्रैफिक प्रभावित रहा।
जबकि शामली में पत्रकार की पिटाई के मामले की गंभीरता को देखते हुए DGP ओपी सिंह ने लिया एक्शन. इंस्पेक्टर शामली जीआरपी राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड, एसपी जीआरपी मुरादाबाद को मौके पर पहुंचने के दिए निर्देश। 24 घंटे में एसपी मुरादाबाद से तलब की मामले की रिपोर्ट।
