सोनिया गांधी की सीट से एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह व अखिलेश के खिलाफ निरहुआ भाजपा प्रत्याशी
भारतीय जनता पार्टी सेंट्रल इलेक्शन कमेटी के सचिव जगत प्रसाद नड्डा ने बुधवार को यूपी की 5 लोकसभा सीटों सहित महाराष्ट्र में एक लोकसभा उम्मीदवार की सूची जारी की है। जिसमें उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को अपना उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा पार्टी ने रायबरेली लोकसभा सीट से विधान परिषद के सदस्य व संसदीय अध्यन समिति के सभापति दिनेश प्रताप सिंह को टिकट देकर बड़ा गेम खेला है। रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद सोनिया गांधी का सीट है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने कभी कांग्रेस में रहे दिनेश प्रताप सिंह को टिकट देकर सीट पाले में करने की बड़ी जुगत लगायी है। रायबरेली में राजनैतिक पकड़ रखने वाले दिनेश प्रताप सिंह का जनता में काफी लोकप्रियता है। इसके अलावा लोकसभा मछली शहर सुरक्षित सीट से बीपी सरोज, फिरोजाबाद से चंद्रसेन जादौन, मैनपुरी से प्रेम सिंह शाक्य व महाराष्ट्र के मुंबई नार्थ ईस्ट से मनोज कोटक को उम्मीदवार बनाया है।

