विपक्ष कुछ भी कहे पर पूरा देश सेना के साथ खड़ा है : मनोज सिन्हा
एयर स्ट्राइक, वायुवीर अभिनंदन की भारत वापसी के और सीमा पर तनाव के बीच विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमले कर रहा है और आरोप लगा रहा है कि सरकार ऐसे समय मे राजनीति कर रही है। इसपर जब शनिवार को रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा से बात की गयी तो उनका कहना था कि विपक्ष कुछ भी कहे पर पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। सेना ने शौर्य और बहादुरी का परिचय दिया है। मैं इस बारे में कोई राजनीतिक बात नही करना चाहता पर आतंवादियों की वजह से देश रुक गया है थम गया है ये संदेश हम नही देना चाहते देश आगे बढ़ा है और बढ़ता रहेगा।
दरअसल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से सेनेटरी नैपकिन बनाने वाली महिलाओं का एक समूह मिलने आया था जो अपनी आमदनी से इकट्ठा हुये 2350 रुपये मनोज सिन्हा के माध्यम नमामि गंगे परियोजना में दान करना चाहती थी। मनोज सिन्हा ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुये उनके हाथों से पैसा लिया और उस पैसे की नमामि गंगे के एकाउंट में भेजने का निर्देश अपने निजी सचिव को दिया। मनोज सिन्हा के प्रयासों से जनपद के कई महिला विद्यालयों में सेनेटरी नैपकिन पैड मशीनें लगायी गयी हैं।सबसे खास बात है कि इन स्कूलों में और जनपद में अन्य स्थानों पर भी आज की तारीख में यहीं की महिलाओं द्वारा बनाये गये सेनेटरी नैपकिन का सप्लाई किया जा रहा है। जनपद के सदर ब्लॉक के गोड़ा गांव में सेनेटरी नैपकिन पैड का उत्पादन किया जा रहा है जिसको बेचकर ये महिलाये स्वावलंबी तो बन ही रहीं हैं अपनी आमदनी के पैसे से नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा को स्वच्छ बनाने में भी अपना योगदान कर रहीं हैं। मनोज सिन्हा ने खुद इस बात की तारीफ की और कहा कि यही नया भारत है।

