अपना जिलाखास-मेहमान

एक शाम फौजी भाइयों के नाम कार्यक्रम में 150 सैनिकों का सम्मान

मऊ। 24 नवम्बर एक ऐसी तारीख़ बन गई जो सम्भवतः मऊ में एक अनूठी मिसाल की साक्षी बनी। शहीदों की याद तो लोग फिर भी कर लेते हैं अपितु जीते जागते वीरों का नमन बिरले किया जाता है। कल शाम भारत विकास परिषद मऊ ने ऐसे ही कुछ वीरोँ का नमन “एक शाम फौजी भाइयों के नाम “कार्यक्रम से किया। इस कार्यक्रम में लगभग 150 सैनिकों का सम्मान हुआ।

जनपद के भूतपूर्व सैनिक बन्धुओँ ने इस अद्वितीय कार्यक्रम में बढ़ चढ़ के सहभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कर्नल इशरत नबी ने अपने जीवन में सेवानिवृत्ति के बाद अपने आप को स्वस्थ रखने की जरूरत पर जो़र दिया और समाज में सक्रिय भूमिका में रहने की सलाह दी। पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव कमाण्डर देवीशरण सिंह ने भारत विकास परिषद के सदस्यों को इस कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए अपने भूतपूर्व सैनिक भाइयों से अपने जीवन में एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़कर समाज को एक नयी दिशा देने का आवाहन किया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पी. एन. सिंह ने मऊ में सेवानिवृत्ति के बाद के अपने अनुभव साझा किये और अपने सैनिक भाइयों से मऊ को हर क्षेत्र में विकास में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाँ. सुरेश चन्द्र गुप्ता ने वीर रसावतार पंडित श्याम नारायण पांडेय की पत्नी रमावती पाण्डेय को सम्मानित करते हुए मऊ शाखा को आश्वासन दिया कि वे पंडित जी के रचनाओं को पाठ्यक्रम में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार के सामने ये प्रस्ताव रखेंगे तथा फौजी भाइयों का कैंटीन खुलवाने आदि समस्याओं को रक्षामंत्री से बात करने की बात कही। साथ ही हल्दीघाटी की रचना को पाठ्यक्रम के शामिल करने के लिए अध्यक्ष जी से भाविप के सदस्यों ने आश्वासन भी लिया। कार्यक्रम का संचालन डा. एस.एन.राय ने किया। मुरारी लाल केडिया और विनीत पाण्डेय की कविता, मधु राय का गीत, नायसा का वक्तव्य और लिटिल फ्लावर स्कूल के छात्रों द्वारा देश भक्ति के नृत्य ने समा बाँधा, नित्या व निशा पांडेय ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत की।

इसमें संगठन के केंद्रीय मंत्री ब्रह्मानंद पेशवानी, प्रांत अध्यक्ष सुदीप टंडन, प्रकाश जैन, रवीश तिवारी, सीए राकेश श्रीवास्तव, सरिता केडिया, पुष्पा जायसवाल, सुमन पांडेय, रश्मि बरनवाल, शौरभ जायसवाल, अनुराग बरनवाल, अनुभूति तिवारी, नागेंद्र जायसवाल, जीतेंद्र दुबे, सभाजीत सिंह आदि शामिल थे। अंत में सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन परिषद की अध्यक्षा डाँ.अलका राय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *