खास-मेहमान

शब्द मसीहा की कहानी : आइसक्रीम

पार्क की बेंच पर एक लडकी उदास बैठी थी . पास में कई किताबें रखीं थीं . पास ही बलदेव अपने भतीजे के साथ गेंद से खेल रहा था . पप्पू मानसिक रूप से कमजोर था . मगर बलदेव उसका चाचा ही नहीं दोस्त बन गया था . जब से वह पप्पू के साथ खेलने लगा था उसमें बदलाब आ रहा था . तभी पप्पू ने गेंद फेंकी तो वह निशा को जाकर लगी .

निशा ने गेंद उठाकर उसकी तरफ़ फेंक दी .

“माफ कीजिये , वह बच्चा है .” बलदेव ने कहा . निशा वैसे ही गुमसुम ही बनी रही . बलदेव फिर खेलने लगा था . कुछ देर बाद वह पप्पू के साथ पास की बेंच पर आ बैठा था .

“सुनिये ! क्या आप पप्पू का ख्याल रखेंगी कुछ देर ?” बलदेव प्रतीक्षा किये बिना जवाब की पार्क से बाहर खड़े आइस्क्रीम् वाले के पास चला गया . वापसी में उसके हाथ में तीन आइसक्रीम के कप थे . उसने एक पप्पू को दिया और एक निशा की तरफ़ बढ़ा दिया .

“क्या मजाक है ? जबरदस्ती है क्या ? आपको मैं नहीं जानती .” निशा बोली .

“मेरा नाम बलदेव है और ये पप्पू है . मेरा भतीजा है . मैं इसे खिलाने लाता हूँ यहाँ . अब आप अपना नाम बता दीजिए .आप मुझे जनने लगेंगी . और फिर ये आइसक्रीम भी तो ज्यादा इंतज़ार नहीं कर सकती .” कहते हुए उसने बेंच पर आइसक्रीम रख दी .

वह अपनी बेंच पर आकर पप्पू को आइसक्रीम खिलाने लगा . निशा चुपचाप ही बैठी रही . पप्पू ने अपनी आइसक्रीम खाने के बाद निशा को देखना शुरू कर दिया . निशा ने पप्पू को अपने पास आने का इशारा किया . पप्पू उसके पास चला गया .

“एक चाचा ने खिलाई आइसक्रीम , लो एक मैं खिलाती हूँ .” और निशा ने अपने हाथों से पप्पू को खिलाना शुरू कर दिया . पप्पू बहुत खुश था .

“तुम अच्छी हो चाचू की तरह ….बहुत अच्छी .” पप्पू ने कहा . निशा मुस्कुरा दी थी . उसके बाद यह सिलसिला चल निकला था मुलाक़ात . पप्पू एक कड़ी बन गया था . धीरे-धीरे कर निशा खुलने लगी थी . निशा आई ए एस की तैयारी कर रही थी . अपने भैया के पास रहती थी . भैया की नौकरी बड़ी नहीं थी सो मुश्किल से गुजर हो रही थी . बलदेव ने एक रोज निशा के हाथ पर बीस हजार रुपये रख दिये थे यह कहते हुए कि जब अफसर बन जाओ तो लौटा देना . बहुत न-नुकर के बाद पैसे उसने रख लिए थे .

इंतज़ार का सिलसिला अब निशा की ओर से होता था . निशा पहले ही आकर बैठ जाति और बलदेव का इंतज़ार करती . बलदेव की इलेक्ट्रोनिक्स की दुकान थी . मगर पप्पू की वजह से हर शाम वह जल्दी आ जाता था दुकान से . निशा की उदासी अब इंतज़ार में बदल गई थी .

कई दिनों तक निशा नहीं आई थी . तब वे दोनों निशा के घर जा पहुँचे थे . छोटा सा घर था किराए का . दरवाजा निशा ने ही खोला था .

“अरे! आप यहाँ कैसे ?”

“आप नहीं आईं तो हम ही चले आए .”

“मेरे एग्जाम आने वाले हैं . अब संभव नहीं होता . पेपर खत्म हो जायेंगे तो जरुर आउंगी .”

कुछ देर बाद वह लौट आए थे . कई महीने गुजर गए थे . आज निशा बहुत खुश थी और उसी बेंच पर बैठी थी . बलदेव अपने समय पर आ गया था पप्पू के साथ .

“आइये , मैं आपका ही इंतज़ार कर रही थी . आज आपको मैं आइसक्रीम खिलाउंगी .” निशा ने कहा .

“ऐसी क्या ख़ुशी की बात है कोई ?”

“हाँ, मैं पास हो गई हूँ और अब मैं ट्रेनिंग पर जा रही हूँ . शायद अब मुलाक़ात न हो आपसे . आपका बहुत एहसान है मुझपर .” निशा ने कहा.

“अरे! कैसा अहसान ?”

“आपके दिये बीस हजार ने बहुत मदद की मेरी . मैं जल्द ही लौटा दूँगी आपको . भैया पर भी कर्ज हो गया है .” निशा कहकर आइसक्रीम लाने चली गई .

आज आइसक्रीम नहीं थी बल्कि वह ज्वालामुखी था कोई . मगर निशा की ख़ुशी के लिए उसने निगल लिया था . आँधी गुजर गई थी .

“डाक्टर ! ये मरीज इस तरह बाँध क्यों रखा है ?”

“मेडम ! ये पागल हो गया है . किसी निशा नाम की लडकी का नाम लेता है और रोने लगता है . कभी भी चिल्लाने लगता है कि उसे पैसे नहीं चाहिए उसे निशा चाहिए …निशा मेरा प्यार है .” डाक्टर ने बताया.

“ओह ! बहुत दुःख हुआ . वैसे इनका नाम क्या है ? इनके चेहरे पर दाढ़ी और बाल भी बहुत बड़े हैं . क्या आप इनकी सफाई का इंतजाम नहीं करतीं ?”

“इनका नाम बलदेव है. इनके पास कोई भी आता है तो ये बुरी तरह चिल्लाने लगते हैं . हाँ इनका भतीजा कभी-कभी आता है तो आइसक्रीम माँगते हैं .” डाक्टर ने बताया .

“ओह ! क्या आप आइसक्रीम मँगवा सकती हैं ?” निशा ने कहा .

आइसक्रीम मंगवाई गई . निशा अपने हाथ में आइसक्रीम लेकर बलदेव के पास बैठ गई .

“पप्पू ! आओ हम आइसक्रीम खायेंगे .” निशा ने पुकारा .

“मैं पप्पू नहीं हूँ , मैं बलदेव हूँ . तुम कौन हो ? ”

“मैं बीस हजार लेकर भाग गई थी किसी के और आइसक्रीम भी .”

“तुम निशा हो ? पैसे नहीं चाहिए …मुझे आइसक्रीम चाहिए .”

निशा की आँखों में आँसू थे . उसने चश्मा उतारा . अपने बाल खोले और उन्हें आजाद कर दिया .

“देखो मैं ही निशा हूँ . आओ आइसक्रीम खायें हम . लो मैं खिलाती हूँ .” बलदेव ने मुँह खोल दिया था .

“मैं आइसक्रीम भी नहीं माँगूँगा , तुम मुझे छोड़कर मत जाना अब .”

निशा ने उसे बाहों में भर लिया था . बलदेव निढाल होकर लुढक गया था बेड पर .

“डाक्टर क्या हुआ इन्हें ? ओलीज़ एखिये !” निशा ने घबराते हुए कहा .

“मेडम ! लगता है इन्हें सदमा लगा है . हो सकता है ये ठीक हो जायें अब .” डॉक्टर ने कहा .

“प्लीज , इनका ख्याल रखिये और मुझे इन्फोर्म कीजिये . इनके हाथ से आइसक्रीम खाने का मुझे भी इंतज़ार है .” निशा ने बालों को बांधते हुए कहा और गाड़ी की तरफ़ बढ़ गई .

शब्द मसीहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *