अपना जिला

रेलवे फाटक मुक्ति मोर्चा के सदस्यों का अंडरपास को लेकर तीन दिवसीय सत्याग्रह शुरु 

◆ वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद मूर्ति व राजेन्द्र अग्रवाल की अगुवाई में लोगों ने दिखाई एकजुटता
मऊ। रेलवे फाटक मुक्ति मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को बालनिकेतन रेलवे फाटक के पास जाम से मुक्ति दिलाने को लेकर अंडर पास बनाने की मांग को लेकर बालनिकेतन फाटक पर तीन दिवसीय सत्याग्रह शुरु किया।
इस दौरान आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद मूर्ति ने कहा कि मऊ शहर की सबसे बड़ी समस्या रेलवे फाटक बंद होने के बाद जाम को लेकर है। वैसे तो इस समस्या के समाधान को लेकर कई बार आवाज उठाया गया, लेकिन अभी तक इसका कोई सार्थक असर दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एक ऐसा उपाय खोजना पड़ेगा जिसके कारण गरीब जनता को नुकसान न झेलना पड़े और समस्या का स्थायी समाधान भी निकल जाए। उन्होंने कहा कि इस समस्या का सिर्फ एक ही समाधान यह है कि कम लागत, कम बर्बादी, बालनिकेतन पर अंडर पास बनने से ही लोगों को खुशहाली मिल सकती है। संयोजक राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि देश में इतनी तकनीकी प्रगति हुई है कि सुरंग बनाकर रेल और मेट्रो रेल चलाई जा रही है तो बालनिकेतन रेलवे फाटक पर भी अंडरपास बनाने में कोई दिक्कत नहीं है। प्रशासन तत्काल इस ज्वंलत समस्या का अंडर पास बनाकर निजात दिलाए। इकबाल अंसारी ने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने के कारण लोगों को घंटों दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान को लेकर कई बार आवाज उठाया गया, लेकिन अभी तक समस्या का कोई भी समाधान नहीं निकल सकता है। इस समस्या का सिर्फ एक ही समाधान यह है कि यहां पर अंडर पास बनाया जाए। लक्ष्मी चौरसिया ने कहा कि सरकार को गरीब जनता के हितों का भी संरक्षण करना चाहिए। गरीब जनता की रोजी रोटी बाल निकेतन पर अंडर पास के निर्माण के बाद ही संभव है। सभासद अलतमस अंसारी, फखरे आलम ने कहा कि हर हाल में गरीब जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। राघवेन्द्र राय व व्यापारी नेता चुन्नू अहमद ने कहा कि इस सत्याग्रह का लक्ष्य आम जनता की भावनाओं का संरक्षण करते हुए रेलवे फाटक पर अंडर पास का निर्माण कराते हुए लोगों की खुशहाली कायम करना है। सत्याग्रह आंदोलन की अध्यक्षता अखिलानंद पाण्डेय व संचालन वरिष्ठ समाजसेवी अरविंद मूर्ति ने किया। इस अवसर पर फादर आरके मसीह, हरीश चंद भारती, मोहन तानवानी, कमलेश सिंधी, सुशील राय, अवधेश, गुड्डू राम, दीपक जैन, सेराज अहमद, बसंत कुमार, वीर बहादुर राय, धर्मेन्द्र सिंह, नेहरु राय, नौशाद अहमद, गोपाल कृष्ण बरनवाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *