अपना जिला

पत्रकारिता दिवस पर घोसी मीडिया मंच ने आयोजित किया सम्मान समारोह

● सम्मानित हुए साहित्यकार व पत्रकार

घोसी/मऊ। डीसीएसके पी.जी.कालेज मऊ के पत्रकारिता व जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डा० सुरेश प्रताप सिंह दीक्षित ने कहा पत्रकार एक दर्पण है जो समाज को सरकार का और सरकार को समाज का प्रतिविम्ब दिखाने का काम करता है। लेकिन कुछ नवोदित पत्रकार सनसनीखेज ख़बरों को जल्दी से जनता के बीच पहुंचाने में वास्तविकता से अछूते रह जाते हैं और वो ख़बरें समाज मे गलत संदेश दे जाती हैं।इसलिये वर्तमान समय पत्रकारों को देश व समाज के प्रति अपने दायित्वों व कर्तब्यों को समझने की महती आवश्यकता है।
श्री दीक्षित बुधवार को घोसी तहसील सभागार में घोसी मीडिया मंच के तत्वाधान में पत्रकारिता दिवस पर आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह व पत्रकारिता विषयक संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि अपने उदबोधन में व्यक्त कर रहे थे।
श्री दीक्षित ने कहा कि यदि पत्रकार देश व समाज के प्रति अपने दायित्वों व कर्तब्यों के साथ वास्तविकता की परख के साथ अपनी कलम चलाये तो निश्चित ही देश व समाज विकास की ओर अग्रसर होगा।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आनन्द जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में व्यवस्थापिका, कार्यपालिका व न्यायपालिका के साथ साथ चौथे स्तम्भ के रूप में मीडिया की भी देश व समाज के प्रति महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी व जवाबदेही होती है।जिसका निर्वहन चुनौतियों भरे माहौल में मीडियाकर्मी बड़ी अडिगता से करता है। साथ ही साथ उन्होंने घोसी मीडिया मंच द्वारा आयोजित वरिष्ठ पत्रकारों के इस सम्मान समारोह की भूरि भूरि प्रशंसा की।
विशिष्ट अतिथि भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री शकुन्तला चौहान ने पत्रकारों को मार्गदर्शन की दिशा देते हुए कहा कि पत्रकारों को घटना के हर पहलू पर तटस्थ रहते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता करते हुए पीत पत्रकारिता से बचना चाहिए और लोकतंत्र मे चौथे स्तम्भ के रूप में प्रतिस्थापित हो चुके अपने स्वरूप व गरिमा को बचाने के सदैव सच के साथ खड़ा होना दिखना चाहिए।ये सम्मान समारोह निश्चित ही नवोदित पत्रकारों के लिए एक मार्गदर्शन का रास्ता साबित होगा।
इस अवसर पर घोसी मीडिया मंच द्वारा साहित्य व पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबी सेवा देने के लिये डा०एस०के० ज़मा, वेदप्रकाश पाण्डेय, भुल्लन सिंह, लालचंद्र सिंह, ओमप्रकाश गुप्त, अब्दुल अज़ीम खान, हरिश्चन्द वर्मा,डा०सी०बी०वर्मा को शाल, सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह, डायरी व पेन देकर सम्मानित किया गया।
तहसीलदार श्रीप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता व शन्नू आज़मी के संचालन में चले इस सम्मान समारोह को सफल बनाने में जहां राजमणि शर्मा, कमल नारायण सिंह, डा० जेपी यादव, ऋषि राय, आफताब अहमद, गुंजन राय, राहुल राय, कमलाकांत यादव, फ़ख़रे आलम, फ़िरोज़ हैदर, राहुल राय, प्रेमशंकर पाण्डेय, सुहेल अख़्तर, मुज़फ्फर इस्लाम आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई वहीं इस कार्यक्रम के उत्साहवर्धन के लिये भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गविजय राय, अरविन्द राय, जगदीश सिंह, दीनानाथ दुबे, अरविन्द कुमार पाण्डेय, संजय राय, वायुनन्दन मिश्र, अरुण मिश्रा, दिनेश चौधरी, मनोज कुमार सिंह, संजय सिंह, अमीरुद्दीन अंसारी, शाहआलम, सुशील पाण्डेय, प्रेमप्रकाश सिंह आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
लोकगीत कलाकार विपिन बिहारी पाठक व युवा शायर सलमान घोसवी ने अपने गीतों के माध्यम से समारोह में समा बांध कर लोगों को मनमुग्ध कर दिया।
अन्त में इस कार्यक्रम के संयोजक शन्नू आज़मी ने आये हुए सभी अतिथियों व आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *