अपना जिला

तय्यब पालकी ने पम्प हाउस एवं सुलभ शौचालय का किया लोकार्पण

● स्वच्छ सर्वेक्षण में 14वां स्थान प्राप्त करने पर दी बधाई, नया लक्ष्य निर्धारित

मऊ। नगर पालिका क्षेत्र स्थित वार्ड नं0 24 के चिरैया कोट रोड पर लगभग 8.76 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले पम्प हाउस के कैम्पस में 6 सीटर सुलभ शौचालय, 2 सीटर बाथरूम तथा एक अदद मूत्रालय तथा अलहदादपुरा में लगभग 2.34 लाख रूपये की लागत से 7.5 एच.पी. के नलकूप के कार्यों का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष श्री तय्यब पालकी के हाथों सम्पन्न हुआ। ज्ञातब्य रहे कि उक्त कार्य संयुक्त रूप से लगभग 11.00 लाख रूपये से निर्मित हुआ है, जिसे सभासदगण फरीदा खातून, अल्तमश अंसारी व फिरोज अहमद ‘शब्बू’ की उपस्थित में श्री पालकी ने लोकार्पण के उपरान्त नगर की अवाम को समर्पित कर दिया है।
इस अवसर पर अल्तमश अंसारी व फिरोज अहमद ‘शब्बू’ दोनों क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी का भब्य स्वागत किया। उन्होंने सुलभ शौचालय एवं पम्प हाउस को निर्मित कराने के प्रति पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। इसी के साथ उन्होंने श्री पालकी से वार्ड में अन्य आवश्यक सुविधायें भी उपलब्ध कराने की मांग की है, जिस पर श्री पालकी ने उन्हें आवश्यक कार्य कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर लोगों को सम्बोधित करते हुये पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने क्षेत्र की अवाम का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि मेरा मुख्य उद्देश्य पूरे नगर को प्रदेश के विकास की मुख्य धारा से जोड़ देना है। इसके लिये हर आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। श्री पालकी ने 2018 के स्वच्छ सर्वेक्षण में मऊ नगर पालिका परिषद को देश भर के 4023 शहरों में 272वां सूबे के 265 शहरों में 14वां और मण्डल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पूरे पालिका परिवार को कोटिशः बधाई देते हुये कहा कि पूरे पालिका परिवार की अनथक मेहनत एवं टीम वर्क से ही हमें यह उपलब्धि प्राप्त हुयी है। उन्होंने कहा है कि हमारा लक्ष्य है कि आगामी 2019 के सर्वेक्षण में हम टाप-टेन की सूची में अपनी उपस्थिति दर्ज करायें, जिसके लिये हम प्रत्येक सम्भावित बिन्दुओं पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्य को पाने हेतु नगर की सम्पूर्ण सफाई एवं विकास के मार्ग को प्रशस्त करने में हम तत्पर हैं। श्री पालकी ने कहा कि अपने 2019 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिये हमें इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि आज हम जिस पायदान पर खड़े हैं उसे बनाये रखते हुये निरन्तर आगे बढ़ें। पालिकाध्यक्ष ने आश्वस्तता जाहिर करते हुये कहा कि पालिका परिवार एवं नगर वासियों के समन्वय से मधुर वातावरण में हम यह लक्ष्य भी पूरा करलेंगे। इस सम्बन्ध में बताते हुये श्री पालकी ने कहा कि नगर में जगह-जगह यूरिनल बनाये जा रहे हैं, सामुदायिक शौचालयों एवं सुलभ शौचालयों का निर्माण जारी है तथा कूड़ा निस्तारण हेतु सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिये जमीन क्रय करने की कार्यवाही की जा रही है। हम बहुत जल्द नगर को एक साफ सुथरा एवं स्वच्छ वातावरण देने जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से फरीदा फिरोज, राजू सैनी, अबरार अहमद, नसीम अख्तर, मुहम्मद इस्माईल, जहीर सेराज, सरवर जहीर ओसवाल, मुनव्वर अब्दुल गफूर, विनोद गुप्ता, अजहर फैजी, नौशाद कलेण्डर सभासदगण व हबीबुर्रहमान पहलवान, हाफिज अनवर, हाजी अख्तर अंसारी, शौकत अली, मुहम्मद आसिफ, फैसल कशिश, मोलवी अख्तर, ताबिश रेहान के इलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *