जन्मभूमि सेमरी में मनाई गई पूर्व केन्द्रीय मंत्री कल्पनाथ राय की जयन्ती
मऊ। पूर्वाचल के लोक प्रिय नेता भारत सरकार के पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व0 कल्पनाथ राय की जयन्ती पर्व वृहस्पतिवार को विकास पुरूष की जन्मभूमि सेमरी गांव में विधिवत पूजन अर्चन के साथ धूमधाम से मनायी गयी। पैतृक गांव पर भारतीय जनता पार्टी के नेता व कल्पनाथ राय की पुत्रवधू डॉ सीताराय की देखरेख में सुबह पूजन-अर्चन के बाद विकास पुरुष के चित्र पर माल्यार्पण कर जयंती मनाई गयी। उसके बाद लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान डा. सीता राय ने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय कल्पनाथ राय के अधूरे कार्यो को पूरा करना ही उनका लक्ष्य है। कहा कि विकास पुरुष ने मऊ में जो विकास की एक-एक नींव रखी है उसे हम सभी को मिलकर संजोना होगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दूबे ने कहा कि मऊ में विकास की जो पहचान थी वह लौट कर आएगी। कल्पनाथ राय के अधूरे सपने जरुर पूरे होंगे। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि कल्पनाथ राय ने मऊ में विकास ही नहीं किया मऊ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दी है। भाजपा नेता अरिजीत सिंह ने कहा ऐसे महान नेता को हम याद कर गौरवांवित हो रहे हैं।
इस अवसर पर संघ के जिला प्रचारक संघ के तारकेश्वर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज राय, डॉ विश्वनाथ राय और ओमप्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहे।