केन्द्र सरकार के मंत्री अनंत हेगड़े का लोगों ने पुतला फूंका
मुहम्मदाबाद गोहना/ मऊ। भाजपा नेता व मोदी सरकार में केन्द्रीय राज्यमंत्री अनंत हेगड़े द्वारा संविधान को लेकर विवाद का विषय बने अपने बयान पर संसद के भीतर तथा बाहर खेद प्रकट करने के बावजूद दलित संगठनों में रोष बरकरार है। इसी कड़ी में अम्बेडकर सेना खलिसा रामनगर के लोगो ने शनिवार को अनंत हेगड़े के खिलाफ न केवल रोष मार्च करते हुए नारेबाजी की बल्कि पुतला फूंक कर गुस्सा भी जताया।
अम्बेडकर सेना के समूह कार्यकर्ता वलीदपुर खलिसा में इकट्ठा हुए। जहां से नीले झंडे लेकर रोष मार्च करते तथा अनंत हेगड़े सहित भाजपा व आर.एस.एस. विरोधी नारेबाजी करते हुए रामनगर मोड़ पहुंचे जहां अनंत हेगड़े का पुतला फूंका गया।
कार्यकर्ताओ ने कहा कि अनंत हेगड़े का बयान संघ तथा भाजपा की मानसिकता का प्रदर्शन है। भाजपा बाबा साहिब के संविधान को बदलना चाहती है ताकि दलितों को मिलने वाला आरक्षण खत्म किया जा सके लेकिन वे चेतावनी देना चाहते हैं कि यदि संघ व भाजपा ने संविधान बदलने के बारे सोचा भी तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।