मध्यदेशीय वैश्य महासभा ने कार्यकर्ताओं व प्रायोजकों को किया सम्मानित, ‘हर घर बाबा गणिनाथ’ का दिया संदेश
मऊ जनपद में मध्य देशीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में आयोजित ‘खिचड़ी सहभोज एवं सम्मान समारोह’ सामाजिक एकजुटता, सेवा और समर्पण का सशक्त उदाहरण बना। कार्यक्रम में समाज को संगठित करने वाले कर्मठ कार्यकर्ताओं तथा आयोजन को सफल बनाने वाले उदार प्रायोजकों (Sponsors) को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन डॉ. रामगोपाल गुप्ता एवं हेमराज मद्धेशिया ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए शंकर मद्धेशिया ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसके निस्वार्थ कार्यकर्ताओं के बल पर ही संभव होती है।
महासभा के अजय मद्धेशिया ने उन सभी स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को मंच पर सम्मानित किया, जिन्होंने दिन-रात परिश्रम कर इस आयोजन को सफल बनाया। उन्हें स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम को आर्थिक एवं संसाधनात्मक सहयोग देने वाले प्रायोजकों का भी विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर महासभा के प्रदेश महामंत्री गिरीश गुप्ता ने कहा कि समाज के समृद्ध और समर्थ लोगों का सहयोग ही ऐसे बड़े सामाजिक आयोजनों को संभव बनाता है। यह दान समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सेवा भाव का प्रतीक है।
‘हर घर बाबा गणिनाथ’ अभियान की गूँज
सम्मान समारोह के साथ ‘हर घर बाबा गणिनाथ’ अभियान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। युवा महामंत्री अभिषेक मद्धेशिया ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बाबा गणिनाथ जी के चित्र वितरित किए गए तथा यह संकल्प लिया गया कि समाज का प्रत्येक परिवार अपने कुलदेवता की शिक्षाओं को अपनाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित ‘खिचड़ी सहभोज’ में सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण कर ऊँच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संगीता गुप्ता, किरण गुप्ता, मीरा गुप्ता, संजय मद्धेशिया, रवि, शुभम, पवन, अनूप, विजय, विकास, बजरंगी, अजय, विशाल, अखिलेश, अमरनाथ, पिंटू, आशीष गुप्ता, मनोज एवं संतोष सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

