अपना जिला

‘अंदाज-ए-आजाद’ की दमदार प्रस्तुति से गूंज उठा लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल प्रांगण

मऊ। शहर के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल (LFCS) में 14 फरवरी को आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या ने कला, शिक्षा और देशभक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। ‘ड्रामा टॉकीज’ के बैनर तले विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों द्वारा मंचित नाटक ‘अंदाज-ए-आजाद’ ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के क्रिएटिव एसोसिएशन के रूप में Filx Entertainment का विशेष सहयोग रहा।

 

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दिग्गज अभिनेता

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात फिल्म अभिनेता अखिलेंद्र मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊंचाई प्रदान की। उनके साथ विशिष्ट अतिथि डॉ. राम शंकर (प्रोफेसर एवं डायरेक्टर, CBSE) तथा अरशद जमाल भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के अभिनय कौशल, संवाद अदायगी और मंच संयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

शिक्षा रत्न विजय शंकर यादव को श्रद्धांजलि

इस ऐतिहासिक अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले शिक्षा रत्न स्वर्गीय विजय शंकर यादव जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणास्रोत बताया।

निर्देशन और प्रस्तुति ने जीता दिल

प्रसिद्ध निर्देशक राजीव मिश्रा के कुशल निर्देशन में प्रस्तुत ‘अंदाज-ए-आजाद’ ने देशभक्ति और सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने लगभग 1000 की संख्या में उपस्थित अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विद्यालय के निदेशक मुरली यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का संचार करते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *