मऊ के अवाम की अपील ! घोसी लोकसभा से हर दल का प्रत्याशी इस बार हो स्थानीय
मऊ। पूर्व केंद्रीय मंत्री व घोसी के सांसद कल्पनाथ राय के निधन के बाद लगातार 20 सालों से घोसी संसदीय सीट पर बाहरी सांसद चुने जाने से बाहरी प्रत्याशी के नाम पर घोसी लोकसभा की जनता में एक उबाल सा आ गया है। अभी किसी भी दल ने कोई प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा नहीं है लेकिन बाहरी प्रत्याशी के चर्चे मात्र से हर तरफ से विरोध प्रदर्शन के स्वर तेज़ हो रहे हैं। लोग जाति-धर्म व पार्टी से ऊपर उठकर एक ही मांग कर रहे है कि लोकसभा घोसी से हर दल का प्रत्याशी इस बार स्थानीय होना चाहिए क्योंकि स्थानीय नेता ही लोगों के दुख दर्द को समझने के साथ यहां का विकास भी करेगा।
सभी वर्गों की नाराजगी को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि स्थानीय प्रत्याशी न होने पर इसका खामियाजा पार्टियों को उठाना पड़ सकता है। आपको बता दें कि पूरे जनपद में जगह जगह विरोध प्रदर्शन व पुतला फूंका जा रहा है, जगह-जगह मीटिंगों में बाहरी के खिलाफ़ नारेबाजी की जा रही है और पार्टी के लोग भी बगावत पर उतर आए हैं।
इसी क्रम में शहर के बुद्धिजीवी व गणमान्य लोगों द्वारा आज मऊ विकास मंच के बैनर तले एक मीटिंग का आयोजन एक विद्द्यालय के हाल में किया गया। मीटिंग में बड़ी संख्या में शहर के व्यापारी , डाक्टर व मुफ्ती व मौलाना के अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस मीटिंग में सभी ने एक स्वर में कहा कि अब किसी भी हाल में बाहरी प्रत्याशी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शहर के प्रसिद्ध साड़ी व्यवसायी हाजी नफीस करिश्मा ने कहा कि स्थानीय प्रत्याशी ही यहां के लोगों का दुख दर्द समझ सकता है और विकास के बारे में सोच सकता है। उन्होंने कहा कि कल्पनाथ राय के बाद मऊ के विकास का पहिया रूक गया है जिसे गति देने के लिए स्थानीय प्रत्याशी का होना आवश्यक है।
मौलाना खुर्शीद अहमद मिफ्ताही ने कहा कि अब हमें ऐसे प्रत्याशी पर विचार करना होगा जो मऊ के लोगों और बुनकरों का दुख दर्द समझ सके और बुनकरों की आवाज़ विधानसभा और लोकसभा में बुलंद कर सके।
मौलाना शफीक नदवी ने कहा कि हमने कई बार बाहरी प्रत्याशियों को वोट कर दिया लेकिन इस बार हमको सभी पार्टियों पर स्थानीय प्रत्याशी के लिये दबाव बनाना है। इसके लिये सभी जाति धर्म के लोगो को एकजुट होकर स्थानीय प्रत्याशी के लिये आवाज़ उठानी होगी।
अब्दुस्सुबहान अलीग ने कहा कि मऊ का दुर्भाग्य है कि मऊ के चारों एमएलए और एक एमपी बाहर के हैं, जिस से मऊ का विकास पिछड़ा हुआ है। विकास को नई गति देने के लिये स्थानीय उमीदवार होना ज़रूरी है।
मौलाना अबु सुफियान अहमद ने कहा कि देर से ही सही लेकिन अब मऊ के लोग जाग गए हैं, इसलिए अब यहां के लोग जोश और जज़्बा में नहीं बल्कि समझदारी के साथ बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए स्थानीय प्रत्याशी का चयन करेंगे।
मौलाना इक़बाल मोहम्मदी ने कहा कि अगर इस बार भी हमने गलती की तो आने वाली पीढ़ीयां रोयेंगी और हम उन्हें मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। अभी प्रत्याशियो का ऐलान नही हुआ तो ये समय दबाव बनाने के लिये उचित है।
मोहम्दाबाद के बुनकर नेता एनुल मुजफ्फर ने एक पैनल बनाने की बात कही जो जगह मीटिंग कर के स्थानीय प्रत्याशी के लिये जागरूकता लाने का प्रयास करे।
व्यापार मंडल के संरक्षक ज़फ़र जनता ने कहा कि हमें शर्म आती है कि अपने यहाँ लीडर होते हुए भी हम दूसरों को जीताकर अपना व अपने बच्चों का भविष्य उसके हाथों में सौंप देते हैं।
ओज़ैर अहमद गृहस्थ ने लोगों को एक होने की सलाह दी और कहा कि हम सब मिलकर सिर्फ मऊ के विकास करने वाले स्थानीय प्रत्याशी को ही स्वीकार करेंगे।
जावेद अहमद ने कहा कि जो जहाँ का होता है उसको वहां की मिट्टी से लगाव होता है, इसलिए यहीं के लोगों को चुना जाए तो ही हमको हमारा हक मिलेगा।
शिक्षाविद जमील अहमद ने कहा कि सेक्युलर लोग एक साथ मिल कर चलेंगे तो सफलता एक ना एक दिन अवश्य मिलेगी।
अब्दुस्सलाम शामियाना ने कहा कि लोकल प्रत्याशी किसी भी जाति – धर्म से हो जो सेक्यूलर होगा उसे वोट दिया जाएगा, लेकिन बाहरी स्वीकार नहीं होगा।
डाक्टर मोहम्मद ज़्याउल्लाह ने लोकतंत्र में दो तरह के लोगों को परिभाषित कर स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी के स्वरूप को बताया। उन्होंने कहा कि हम बाहरी प्रत्याशी क्यों चुनें और बाहरी लोगों के गुलाम बन कर क्यों रहें। हम अपना नेता चुनें और स्थानीय नेता को लोकसभा व विधानसभा में भेजें जिस से कि हमारी समस्याओं का समाधान हो सके।
खैराबाद से आए हुए मुख्तार अहमद ने कहा कि यहां स्थानीय प्रत्याशी को लेकर जो मांग की जा रही है इसका प्रभाव हर क्षेत्रों में देखने को मिलेगा और स्थानीय प्रत्याशी के द्वारा ही मऊ का विकास होगा।
इस मीटिंग में विशेष रूप से जामा मस्जिद शाही कटरा के इमाम कारी मसीहुर्रहमान, मौलाना इफ्तिखार अहमद मिफ्ताही, मौलाना मज़हर आज़मी, नगरपालिका के विभिन्न वार्डो के सदस्य व बड़ी संख्या में शहर के बुद्धिजीवी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बैठक में ये प्रस्ताव भी पारित हुआ कि एक और बड़ी मीटिंग जल्दी ही मंच की जानिब से बुलाई जाएगी, जिसमे राजनैतिक दलों के नेताओ को भी आमंत्रित किया जाएगा।

