अपना जिला

नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मरीजों में बांटे गए दूध और फल, समाजवादी कार्यकर्ताओं ने सेवा भाव से दी श्रद्धांजलि

• जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में पहुंचकर मरीजों का जाना हालचाल, जनसेवा का लिया संकल्प

मऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर शनिवार को जनपद मऊ में समाजवादी पार्टी की ओर से सेवा एवं जनकल्याण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला महिला अस्पताल तथा जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच दूध एवं फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों तथा शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर जरूरतमंद मरीजों की सेवा करना उनके विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को आत्मसात करने का एक छोटा सा प्रयास है।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि नेताजी ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया। उनके लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक न्याय का संकल्प थी। अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच दूध एवं फल वितरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।

वहीं, जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी ने कहा कि नेताजी ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बिताया। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा नेताजी के विचारों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष शिवम सोनी, प्रदेश सचिव उमेश यादव, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, राजेन्द्र यादव, अफजाल, रामधनी चौहान, अलंकार, वीरेंद्र लोहिया, दिनेश यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, मयंक पांडेय सहित दर्जनों पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन नेताजी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ‘नेताजी अमर रहें’ और ‘समाजवादी विचारधारा जिंदाबाद’ के नारों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *