#असम_विधानसभा_चुनाव #अमिला_का_गौरव #डॉ_विजय_गुप्ता_की_ऐतिहासिक_जीत
अमिला (मऊ)। डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने गुवाहाटी से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल कर अपने गृह क्षेत्र अमिला का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से पूरे क्षेत्र, खासकर वैश्य समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1,01,297 मत प्राप्त कर 61,921 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस शानदार जीत के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
जैसे ही जीत की खबर अमिला पहुंची, लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान वैश्य बिरादरी के अध्यक्ष प्रकाश गुप्त, पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्त, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, बांकेलाल गुप्त, नवनीत कुमार गुप्त, अमियचंद्र गुप्त, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अतुल गुप्ता, अवधेश कुमार गुप्ता और जय मंगल प्रसाद गुप्ता सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।
लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि डॉ. विजय कुमार गुप्ता को जल्द ही मंत्री पद की जिम्मेदारी मिले और उनके अमिला आगमन पर भव्य स्वागत किया जाए।
इनसेट:
सूत्रों के अनुसार, असम में भाजपा के विजय अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ. विजय कुमार गुप्ता मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में उन्हें मंत्रीमंडल में स्थान मिलने की भी प्रबल संभावना जताई जा रही है।

