अपना जिला

शीतला माता मंदिर में 251 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न, वैदिक मंत्रों से गूंजा परिसर

मऊ। नगर के प्राचीन शीतला माता मंदिर परिसर में रविवार को ब्राह्मण विकास परिषद के तत्वावधान में 251 ब्राह्मण बटुकों का भव्य यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूरा मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

इस पावन अनुष्ठान को डॉ. मनोज मणि त्रिपाठी, डॉ. अशोक पांडेय, डॉ. अशोक कुमार पांडे, डॉ. आलोक तिवारी एवं अमित पांडेय सहित विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से संपन्न कराया। काशी से पधारे आचार्यगणों के निर्देशन में बटुकों को यज्ञोपवीत धारण कराकर उन्हें अनुशासित और संयमित जीवन जीने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन परिषद के संरक्षक डॉ. एस.सी. तिवारी, रामजी उपाध्याय, जिलाध्यक्ष ऋषिकेश पाण्डेय एवं जिला महामंत्री संजय तिवारी के नेतृत्व में हुआ। वरिष्ठ सदस्य पंडित विजय शंकर तिवारी और राजेश जी महाराज की देखरेख में पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर संयोजक डॉ. एस.सी. तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म में वर्णित 16 संस्कारों में उपनयन संस्कार का विशेष महत्व है, जो बालक को ब्रह्मचर्य जीवन में प्रवेश कराते हुए अनुशासन और कर्तव्यपरायणता का पाठ सिखाता है। जिलाध्यक्ष ऋषिकेश पाण्डेय ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य के लिए उपनयन संस्कार की आयु निर्धारित है, इसलिए इसे समय पर करना आवश्यक है।

पंडित राजेश जी महाराज ने कहा कि वैदिक काल में महिलाओं का भी उपनयन संस्कार होता था, जिन्हें ‘ब्रह्मवादिनी’ कहा जाता था और वे वेदों का अध्ययन करती थीं।

कार्यक्रम में जनपद सहित पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बटुकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में संयोजक रामजी उपाध्याय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन परिषद के मंत्री संजय कुमार त्रिपाठी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *