बड़े भाई की डाँट पर, छोटे भाई ने की हथौड़े से वार कर हत्या
घोसी/मऊ। छोटे भाई के भविष्य की चिंता और उसको डाँट डपटकर कुछ लायक़ बनाने की फ़िक्र बड़े भाई सिपाही के लिए मौत का कारण बना। मामला है उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की जहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर सोते समय हथौड़े से बार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जाता है कि बड़े भाई ने उसे पढ़ाई न करने पर डांट लगाई थी। इसी को लेकर वह नाराज था। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।मृतक सिपाही जौनपुर के मछलीशहर में यूपी पुलिस के पद पर तैनात था।
मिली जानकारी के अनुसार जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के खुरहनी गांव के संदीप सिंह पटेल 26 वर्ष पुत्र स्व. लाल बहादुर पटेल जौनपुर जनपद के मछलीशहर में सिपाही के पद पर तैनात था। गुरुवार की सुबह संदीप अपने घर अपनी मां और छोटे भाई दिलीप से मिलने आया था।देर शाम को किसी बात को लेकर स्नातक में पढ़ रहे छोटे भाई दिलीप सिंह से संदीप का कहसुनी हो गया। संदीप ने दिलीप को सुधरने की हिदायत दी। इसके बाद संदीप खाना खाकर सोने चला गया।इस बीच गुस्साए दिलीप ने संदीप के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन अस्पताल लेकर गए।जहां डॉक्टरों ने संदीप मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार व गाँव में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में एसपी इलामारन ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। मृतक का छोटे भाई से पढ़ाई को लेकर कुछ विवाद हुआ था। इससे नाराज उसके छोटे भाई ने हथौड़े से हमला कर दिया। पुलिस जांच कर रही है।




