अपना जिला

डूडा के तहत संचालित योजनाओं एवं नगरीय निकाय के कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न

मऊ।  जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय स्थित सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) एवं नगरीय निकायों के कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में इस वित्तीय वर्ष हेतु अभी तक कोई लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष के कार्यों में इस माह के लक्ष्य 16911 के सापेक्ष 16852 की प्रगति हुई है जो कुल का 99.65% है। जनपद में कुल 40 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है जिनमें 9 पर 100% कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में अभी भी 1898 तृतीय किस्त जारी ना होने पर जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी डूडा को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों के आवासों का स्थलीय निरीक्षण कराते हुए रुके हुए कार्यों का को शीघ्र पूर्ण कर तृतीय किस्त जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा आवासों के निरीक्षण की संख्या पर संदेह जताते हुए निरीक्षण कार्य में लगे समस्त कर्मचारियों का चार्ट बनाने एवं उनके प्रतिदिन के निरीक्षण कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि योजना समीक्षा के दौरान परियोजना अधिकारी ने बताया कि प्रथम ऋण के लक्ष्य 11416 के सापेक्ष 100069 स्वीकृत आवेदनों में से 9789 आवेदनों में ऋण वितरण का कार्य किया जा चुका है, जो कुल का 85.74% है। इसी प्रकार द्वितीय ऋण लक्ष्य के सापेक्ष 90.44% एवं तृतीय ऋण लक्ष्य के सापेक्ष 79.19% लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बैंकों के लिए भी पीएम स्वनिधि योजना में निर्धारित लक्ष्य को देखते हुए समस्त अधिशासी अधिकारियों को इस योजना का लाभ दिलाने हेतु अधिक से अधिक आवेदन कराने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा के दौरान राज्य वित्त आयोग एवं 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि का विकास कार्यों में व्यय प्रतिशत बहुत कम होने पर उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारियों को अवशेष धनराशि का प्रयोग करते हुए विकास कार्यों को कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवस्थापना विकास निधि में उपलब्ध धनराशि का समुचित प्रयोग करते हुए छोटे चौराहो के सुंदरीकरण एवं नगरीय क्षेत्रों में अन्य विकास कार्य कराए जाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। कर करेत्तर देयों की वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका की दुकानों/प्रतिष्ठानों में किरायों,गृहकर, जलकर इत्यादि में वृद्धि की स्थिति की जानकारी लेते हुए शासन के निर्देशानुसार स्वकर प्रणाली की व्यवस्था यथाशीघ्र लागू करने को कहा। स्वच्छता अभियान की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने नदियों के किनारे अभियान चला कर सफाई कराने के निर्देश दिए। सार्वजनिक मार्गों एवं भूमियों पर अतिक्रमण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नदियों के किनारों एवम् प्रमुख चौराहों पर अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए। विशेषकर शहर के मध्य प्रवाहित होने वाली तमसा नदी के दोनों किनारों में विशेष साफ-सफाई एवं अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। बैठक के दौरान ही जिलाधिकारी ने जिला नगरीय विकास अभिकरण के तहत संचालित मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास एवं मूलभूत नगरी सुविधाएं,माननीय काशीराम शहरी आवास योजना एवं शहरी आजीविका केंद्र की प्रगति तथा नगरीय निकायों के कार्यों प्लास्टिक, पॉलिथीन के उपयोग पर प्रतिबंध की अद्यतन स्थिति,अमृत योजना के तहत संचालित जलापूर्ति योजना,सीवर लाइन,पार्क निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट श्री नीतीश कुमार सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा एवम् समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *