अपना जिला

मेरी माटी, मेरा देश एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारी बैठक सम्पन्न 

० डीएम ने संबंधित विभागों को बेहतर कार्य योजना बनाकर कार्य करने एवम् प्रतिदिन के कार्यों का मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश

मऊ। आजादी का अमृत महोत्सव योजना के समापन समारोह में पूरे देश में मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मेरी माटी,मेरा देश कार्यक्रम का शुभारंभ 9 अगस्त को होगा। ज़िलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में मऊ ज़िले में तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बैठक संपन्न हुई।

बैठक में ग्राम पंचायत/नगर पंचायतों एवं स्थानीय नगर निकायों में 9 अगस्त को बैठक कर शिलाफलकम हेतु स्थान का निर्धारण, अमृतकलश हेतु मिट्टी का संग्रहण,10 अगस्त को परिषदीय विद्यालयों में मेरी माटी मेरा देश अभियान के अंतर्गत एक प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा का आयोजन, स्वतंत्रता संग्राम स्थलों/शहीद स्मारक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, 11 अगस्त को विद्यालयों में वीरों की गाथा से संबंधित कहानियों का वाचन, पौधा वितरण एवं बिक्री स्थल का चिन्हांकन, राशन की दुकानों पर मेरी माटी मेरा देश अभियान हेतु बैनर, पोस्टर, स्टैंडी के माध्यम से प्रचार-प्रसार, 12 अगस्त को नव युवक मंगल दल,महिला मंगल दल, एनसीसी,एनवाईके के सदस्यों द्वारा मेरी माटी मेरा देश मिनी मैराथन का आयोजन, शहीद स्मारक स्थलों पर पुलिस बैंड का वादन,13 अगस्त को ग्राम पंचायतों में रंगोली प्रतियोगिता, आजादी के नायकों पर आधारित एकल अभिनय, प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों हेतु मध्यान्ह विशेष भोजन की व्यवस्था,14 अगस्त को अमृत सरोवरों पर प्रभात फेरियों का आयोजन, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विशेष स्वच्छता अभियान, 75-75 स्वच्छागृहों का सम्मान, 15 अगस्त को समस्त ग्राम पंचायतों/नगर पंचायतों में मृतिका कलश तैयार करना, झंडारोहण राष्ट्रगान का समूह गायन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, वसुधा वंदन के तहत 75 पौधों का रोपण कर अमृत वाटिका का विकास जैसे प्रमुख कार्य किए जाने हैं। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर 16 से 20 अगस्त के मध्य कार्यक्रम होंगे, जिसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत/नगर पंचायत से संग्रहित मृतिका कलश का संग्रहण, विकासखंड पर ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में समस्त जनप्रतिनिधि/अधिकारी/ कर्मचारी एवं अन्य सम्मानित नागरिको के द्वारा 75 पौधारोपण कार्य जैसे प्रमुख कार्य किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली एवं लखनऊ में आयोजित होंगे जिसके तहत प्रदेश के समस्त ब्लॉकों में एकत्रित किए गए कलशों को सुसज्जित वाहनों के माध्यम से 27 से 29 अगस्त 2023 के मध्य नई दिल्ली के कर्तव्य पथ एवं दिनांक 23 से 24 अगस्त 2023 के मध्य प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एकत्रित किया जाएगा।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 अगस्त से 15 अगस्त तक इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र आशा बहुओं, बीट कांस्टेबल, लेखपाल, शिक्षामित्र के माध्यम से गांव के प्रत्येक घर में झंडे का वितरण किया जाना है। झंडो का क्रय-विक्रय राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जन सेवा केंद्र,तहसील/विकास खंड कार्यालय, प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पैट्रोल पंप/ एलपीजी सेंटर से किया जा सकेगा।साथ ही शहरी क्षेत्र में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सीडीएस/ एनयूएलएम- एसएचजी, निगम पार्षदगण,बीट कांस्टेबल लेखपाल एवं शिक्षा मित्र के माध्यम से प्रत्येक घरों में झंडा वितरण का कार्य किया जाना है। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत आवासीय घरों, सरकारी कार्यालयों/परिसर,सरकारी/गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थाओं, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर झंडा संहिता के अनुसार तिरंगा फहराए जाने का कार्यक्रम होगा।
मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों को बेहतर कार्य योजना बनाते हुए अभी से इस कार्य में लग जाने के निर्देश दिए, जिससे कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने इसे बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से लगभग हर विभाग को जोड़ा गया है। कम समय में ज्यादा तैयारी तैयारियां करनी है। अतः अभी से पूरी गंभीरता के साथ कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी विभाग माइक्रो प्लान तैयार कर कार्य करें। उन्होंने तिथि वार विभागों से संबंधित तैयारियों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/शहीदों की सूची तैयार करने, अधिक संख्या में शीलाफलकम की आवश्यकता को देखते हुए अभी से इस पर कार्य करने के निर्देश डीसी मनरेगा को दिए। उन्होंने उपस्थित समस्त अधिकारियों को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को गंभीरता से लेने को कहा एवं बेहतर तैयारी करते हुए कार्यक्रम की सफलता हेतु प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर,जिला विकास अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी सहित संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *