अपना जिला

वैक्सीन की सुरक्षा के बारे में किया गया प्रशिक्षित

• जनवरी, फरवरी और मार्च में चलने वाले विशेष टीकाकरण अभियान की तैयारी

मऊ, 16 दिसंबर 2022। जनपद में जन्म से पाँच साल तक के बच्चों के टीकाकरण के लिए जनवरी, फरवरी और मार्च में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।इसको लेकर सीएमओ सभागार में कोल्ड चेन हैन्डलर को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षणमें वैक्सीन के बेहतर प्रबंधन और रखरखाव के बारे में बताया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेश अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के पास पूरी तरह दक्ष टीकाकरण कर्मी उपलब्ध हैं, इसका कारण है कि यहाँ पर जनसंख्या के अनुसार बच्चों की जन्म दर सबसे ज्यादा है और यहाँ के स्वास्थ्य कर्मी ज्यादा से ज्यादा बच्चों को टीका लगाने के कारण बहुत ही अनुभव ले चुके हैं। टीकाकरण से जुड़े सभी कर्मियों को समय-समय पर नई तकनीक और जानकारियों के बारे में अवगत कराया जाता है। इसके साथ ही सभी प्रकार के वैक्सीन के रखरखाव का विशेष ध्यान दिया जाता है। भारी मात्रा में आइसलाइंड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) लगाये गये हैं, जिसमे इन्हें सुरक्षित रखा जाता है। इसलिये अब सरकारी अस्पतालों पर आमजन का भरोसा बढ़ गया है, यह स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के बीच एक अच्छे पहलुओं का परिणाम है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड चेन की प्रक्रिया अपनायी जाती है। कोल्ड चेन में वैक्सीन के लिए जरूरी तापमान बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जरूरत होती है।ई-विन मोबाइल एप्लीकेशन से सभी कोल्ड चेन में उपलब्ध वैक्सीन की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाती है।वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए नियत तापमान की जरूरत होती है।यदि तापमान में कमी या वृद्धि होती है तो वैक्सीन के खराब होने की आशंका होती है लेकिन कोल्ड चेन में नियत तापमान में वृद्धि या कमी होने पर अलार्म बजने लगता है।इसकी सूचना एप के जरिये कोल्ड चेन प्रबंधक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को हो जाती है।

यूनिसेफ़ के डीएमसी सौरभ सिंह द्वारा कोल्ड चैन के बारे मे बताया गया। वीसीसीएम कामाख्या मौर्य द्वारा वैक्सीन के रख रखाव और वैक्सीन वेस्टेज के बारे मे बताया गया। इस प्रशिक्षण में डब्लूएचओ के डॉ पदम जैन, वीसीसीएम कामाख्या मौर्य और समस्त ब्लॉक के कोल्ड चैन हैंडलर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *