कमिश्नर व डीएम ने अमृत सरोवर योजना के तालाबों की खुदाई कार्य का निरीक्षण किया

० गांधी इंटर कॉलेज में निर्माण कार्य एवं प्राथमिक विद्यालय पहाड़ीपुर खिरिया में कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों का भी किया निरीक्षण
मऊ। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने जिलाधिकारी अरुण कुमार के साथ अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबो की खुदाई कार्य एवं गांधी इंटर कॉलेज के निर्माण तथा प्राथमिक विद्यालय पहाड़ीपुर खिरिया में कायाकल्प के तहत कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। ज्ञातव्य है कि पहाड़ीपुर खिरिया ग्राम सभा प्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र जी का गांव है। पकड़ी बुजुर्ग में अमृतसर योजना के तहत दो तालाबों की खुदाई का कार्य चल रहा है। एक तालाब में मानक के अनुरूप खुदाई ना होने पर संबंधित जे0ई0 को फटकार लगाते हुए मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का जांच कराने के निर्देश मंडलायुक्त ने दिए। इस दौरान मंडलायुक्त ने वहां पर उपस्थित स्वयंसेवी समूहों की महिलाओं से भी उनके द्वारा उत्पादित किए जा रहे सामानों एवं उनके बिक्री के संबंध में भी जानकारी ली। कुछ समूहों के अभी तक खाता न खुल पाने पर उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारी को तत्काल खाता खुलवाने के निर्देश दिए। पहाड़ीपुर खिरिया स्थित गांधी इंटर कॉलेज में जीर्णोद्धार कार्य के अलावा कराए जा रहे निर्माण कार्य के संबंध में मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियो से जानकारी ली। इस दौरान छात्रों के सापेक्ष कम बन रहे शौचालय की संख्या बढ़ाने एवं छात्र तथा छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने के भी निर्देश मंडलायुक्त द्वारा दिए गए। कॉलेज में पुस्तकालय की व्यवस्था नहीं होने पर कालेज परिसर में ही स्थित स्टाफ मीटिंग हॉल को पुस्तकालय का रूप देने एवं वहां पर संबंधित विषयों के अलावा सामान्य ज्ञान एवं अच्छी ज्ञानवर्धक पुस्तकें रखने के भी निर्देश मंडलायुक्त ने दिए। परिसर के अंदर पुराने एवं जर्जर पेड़ों की कटाई के साथ ही वहां पर छायादार एवं फलदार वृक्ष लगाने के भी निर्देश मंडल आयुक्त द्वारा दिए गए। प्राथमिक विद्यालय पहाड़ीपुर में कायाकल्प के तहत कराए जा रहे कार्यों का भी मंडलायुक्त द्वारा निरीक्षण किया गया। मंडलायुक्त ने वहां स्थित सबसे बड़े कमरे को स्मार्ट क्लासरूम बनाने को कहा। जिसमें बढ़िया किस्म का प्रोजेक्टर लगा हो, जिससे बच्चे पढ़ाई की ओर आकर्षित हो सकें। मंडलायुक्त ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका से वहां पर पड़ रहे उच्च कक्षाओं के बच्चों के ज्ञान स्तर की भी जानकारी ली। स्कूल परिसर में लगाए गए सामान्य हैंड पंप की जगह इंडिया मार्काहैंड पंप लगाने को कहा, जिससे बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके। इस दौरान उन्होंने पहाड़ीपुर खिरिया में अमृत सरोवर योजना के तहत निर्माणाधीन तालाब का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार के अलावा मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, डीएफओ, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी घोसी एवं मधुबन, खंड विकास अधिकारी घोसी एवं फतेहपुर मंडाव, सहायक निदेशक मत्स्य एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




