भाई के साथ ससुराल जा रही विवाहिता की बाइक से गिरने से मौत

मुहम्मदाबाद गोहना/मऊ। कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास शुक्रवार देर शाम अपने भाई के साथ ससुराल जा रही एक विवाहिता की अचानक बाइक से गिरने से घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक कोपागंज थाना क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर गांव निवासी 34 वर्षीया अनीशा खातून पत्नी इरफान जिसका मायका मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत वलीदपुर मोहल्ला भीरा में है। शुक्रवार देर शाम अपने भाई अबूसहमा के साथ बाइक से अपने ससुराल कुर्थीजाफरपुर जा रही थी, कि कुतुबपुर गांव के पास पहुंची ही थी कि अचानक बाइक से गिर गई और उसको सर मे गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर बहन की मौत देखकर भाई अबूसहमा घबरा गया और बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस नर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घायल भाई अबूसहमा को एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक अनीशा के पास एक तीन वर्ष की बच्ची भी है, मौत की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया है।

