आगजनी में तीन झोपड़ियां खाक, लाखों का सामान जलकर राख
■ पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीने को मजबूर
(दुर्गा प्रसाद गुप्ता)
रतनपुरा/ मऊ । बुधवार को पीपरसाथ ग्राम पंचायत के यादव बस्ती में सिंटू यादव पुत्र सूर्यनाथ यादव की तीन झोपड़ियो के आशियाने में अचानक आग लग गई । दोपहर में अचानक झोपड़ियों से आग उठते देख बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए । ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया लेकिन इस आगजनी में पीड़ित परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया । तीनों झोपड़िया और झोपड़ियों में रखा घर गृहस्ती का सामान सब कुछ आग की लपटों की भेंट चढ़ गया । पीड़ित परिवार पूरी तरह बेसहारा हो चुका है उसका सब कुछ खाक हो गया है, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को तो आगे बढ़ने से रोक दिया लेकिन सिंटू यादव का सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया । इससे पीड़ित परिवार के समक्ष भारी संकट उत्पन्न हो गया है । न तो पशुओं का चारा बचा है और ना ही घर में रखा अनाज एवं घर गृहस्ती का सामान । तन पर स्थित कपड़े के सिवाय कुछ भी नहीं बचा है सब कुछ आग की लपटों की भेंट चढ़ गया है ।इस आगजनी की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है लोगों ने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग संबंधित शासन प्रशासन से की है ।

