व्यापारियों ने डीएम को साड़ी क्रय केन्द्र खोलने हेतू सौंपा पत्रक
मऊ। उ. प्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने जिले के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, उ. प्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला उपाध्यक्ष व एमएए फाउण्डेशन के चेयरमैन जमाल अख्तर अर्पण, जिलाध्यक्ष भाई अजय साहू एवं जिला महामंत्री गोपाल कृष्ण बरनवाल के संयुक्त नेतृत्व में कोरोना महामारी के चलते बुनकरों की दयनीय स्थिति में साड़ी क्रय केन्द्र खोलने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी को सौंपाजिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि कोविड-19 के कारण लॉक डाउन के चलते बुनकर, मध्यम वर्ग की स्थिति काफी दयनीय हो गया है। मऊ नगर एवं कस्बो तथा पड़ोसी नगर पंचायतों में अधिकतर बुनकरों की आबादी है जो साड़ी बनाने का काम करते है और यही उनका मुख्य रोजगार एवं जीवन यापन का एक मात्र साधन है। वर्तमान में लॉक डाउन के कारण उनका रोजगार पूरी तरह से ठप हो गया है। पायनियर डिजिटल समाचार सेवा से चंद्रशेखर श्रीवास्तव से विशेष वार्ता के दौरान व्यापारी नेताओं ने बताया कि किसानों के बाद कपड़ा उद्योग देश का सबसे बड़ा आर्थिक सेक्टर है। इसमें मऊ जिला साड़ी उद्योग के लिए ओडीओपी घोषित है। मऊ जिले की पूरी जनसंख्या को यह उद्योग किसी न किसी रुप में प्रभावित करता है। इतने दिन लॉक डाउन के कारण अब बुनकरों एवं इन उद्योग से जुड़े लोगों को दो वक्त की रोटी के लाले पड़ गए हैं। क्योंकि तैयार माल तथा मटेरियल का आना जाना पूरी तरह से बंद हो गया है। साथ ही साथ अन्य प्रदेशों जैसे महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना तथा बंगाल जहां की मंडियों में मऊ की साड़ियों की बिक्री होती है लॉक डाउन है। यह सारे प्रदेश भी बंद है, जिसके कारण व्यापारियों को पैसे नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण बुनकरों व व्यापारियों के सामने भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गया है। इसलिए जिस प्रकार किसानों की स्थिति पर सरकार ध्यान देती है, उसी प्रकार बुनकरों को भी भुखमरी से बचाने के लिए त्वरित ठोस कदम उठाया जाए। जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने व्यापारियों को समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द निदान का आश्वासन दिया।

