राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी हुए सम्मानित
मऊ। उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट् एसोसिएशन द्वारा आयोजित छठीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जनपद मऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में वैदिक योगशाला, मऊ में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि महिला वर्ग की छठवीं राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता 24 से 26 जून, 2025 को डॉ. एम. पी. एस. वर्ल्ड स्कूल, आगरा में तथा पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 12 से 14 जुलाई, 2025 को भारतीय किसान यूनियन का केंद्रीय कार्यालय, सिसौली (मुजफ्फरनगर) में आयोजित की गई थी।
महिला वर्ग की प्रतियोगिता में जनपद से रंजू प्रजापति, खुशबू, राजनंदिनी, संजना, पूजा, काजल सिंह, सोनम व स्नेहा राजभर ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लिया।
जूनियर वर्ग के रिदमिक पेयर इवेंट में राजनंदिनी और संजना की जोड़ी ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अर्जित किया।
सब जूनियर वर्ग के रिदमिक पेयर इवेंट में काजल सिंह और सोनम की जोड़ी पाँचवें स्थान पर रही।
पुरुष वर्ग की उपलब्धियां:
पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में विनीत कुमार, गगन, शिवा सैनी, रोहित शर्मा, पीयूष, आशीष कुमार, अनंत और सागर विश्वकर्मा ने जनपद का प्रतिनिधित्व किया।
जूनियर वर्ग के आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में खिलाड़ियों ने सातवां स्थान, तथा ट्रेडिशनल इवेंट में आठवां स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर वर्ग के आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में पीयूष ने सातवां स्थान प्राप्त किया।
गगन और पीयूष को टॉप 7 में स्थान लाने पर सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
आयोजन की मुख्य झलकियाँ:
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मीना अग्रवाल (अध्यक्ष, इनर व्हील) ने कहा, “आप छोटे-छोटे गांवों से निकलकर योगासन स्पोर्ट्स में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इनर व्हील हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।”
संगीता द्विवेदी (जिला प्रभारी, महिला पतंजलि योग समिति) ने प्रतिभागियों को और मेहनत करने की प्रेरणा दी। मृत्युंजय कुमार द्विवेदी (अध्यक्ष, जिला योगासन संघ, मऊ) ने कहा, “आपकी मेहनत ही जनपद के लिए पदक लाती है। यह पूरे जिले की उपलब्धि है।” इस अवसर पर बृज मोहन (राज्य प्रभारी, युवा भारत एवं समन्वयक, भारतीय शिक्षा बोर्ड), रामनिवास मौर्य (संयुक्त सचिव, जिला संघ) तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी सुमन राय की भी विशेष उपस्थिति रही।
मार्गदर्शन और संचालन:
इस संपूर्ण उपलब्धि के पीछे डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन मऊ के सचिव राजन वैदिक का सक्रिय मार्गदर्शन रहा, जिनके प्रशिक्षण में ये सभी बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजन वैदिक स्वयं 1 जून 2018 से वैदिक योगशाला के माध्यम से बच्चों को योग की बारीकियों का निरंतर अभ्यास करा रहे हैं, और आज जनपद में योग को एक अनुशासित खेल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
राजन वैदिक ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।