पालिका के लोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने हेतु अवाम को करेंगे जागरूक, रैली आज
मऊ। नगर पालिका परिषद के चेयरमैन तय्यब पालकी ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि बुधवार को नगर पालिका परिषद द्वारा 11 बजे दिन में मिर्जाहादीपुरा चैक से सदर चैक तक एक रैली निकाली जायेगी। इस रैली के माध्यम से नगरवासियों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने की प्रेरणा दी जायेगी। ज्ञातब्य रहे कि 15 जूलाई से प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक बैगों के उत्पादन, विक्रय, भण्डारण, लाने-लेजाने एवं उपयोग पर पाबन्दी लगा दी गयी है। श्री पालकी ने बताया कि प्रतिबन्ध के बाद 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक का उपयोग अब नियमानुसार गैर कानूनी है। उन्होंने अवाम से अपील करते हुये कहा है कि आप अपनी जागरूकता का परिचय देते हुये उक्त मानक के विपरीत प्लास्टिक बैगों का प्रयोग न करें। इसी बात को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कल 11 बजे दिन में इस जागरूकता रैली का प्रबन्ध किया गया है। पालिकाध्यक्ष ने सभी नगरवासियों से इस रैली में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इस रैली में समस्त सभासदगण, अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक, पालिका के अधिकारी एवं नगर के सम्भ्रंात लोग शामिल होंगे।
