अपना जिला

किड्स केयर स्कूल मऊ में नवदुर्गा पूजन व दशहरे की धूम

किड्स केयर इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना नवदुर्गा पूजन और दशहरा, बच्चों ने राम दरबार की मनमोहक प्रस्तुति से मोहा मन

मऊ। अदरी मोड़ स्थित किड्स केयर इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में नवदुर्गा पूजन एवं दशहरे का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों और राम दरबार की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूप धारण किए, जबकि विद्यार्थियों ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी के स्वरूप में शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण मंचन ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

विद्यालय की प्रिंसिपल नंदनी सिंह ने विद्यार्थियों को दुर्गा पूजा और दशहरा मनाने का धार्मिक एवं नैतिक महत्व समझाया। उन्होंने रामचरितमानस से जुड़ी कथा के माध्यम से बताया कि रावण पर विजय प्राप्त करने के लिए भगवान राम ने मां दुर्गा की आराधना की थी। उन्होंने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारे भीतर भी घमंड, ईर्ष्या, पाप, राग-द्वेष, जाति-पाति और छुआछूत जैसी बुराइयां रूपी रावण मौजूद हैं। इन बुराइयों को समाप्त करना भी उतना ही आवश्यक है, जितना रावण का दहन करना। केवल रावण का पुतला जला देने से समाज की कुरीतियां दूर नहीं होंगी। इसलिए सभी को इस दशहरे पर कम से कम एक बुराई छोड़ने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में नवदुर्गा के स्वरूप में खुशी, अद्विका, आयुषी भारती, नव्या यादव, दिव्यांशी राय, अन्वी, आराध्या यादव, दिव्या राजभर और साक्षी चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। वहीं, भगवान राम के रूप में अनन्य, माता सीता के रूप में सम्मानिता, लक्ष्मण के रूप में रिशांक, भरत के रूप में रुद्रांश और शत्रुघ्न के रूप में राजवीर ने राम दरबार का सुंदर मंचन किया।

कार्यक्रम के अंत में रावण वध का मंचन किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन ने बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और बुराइयों का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *