पिता चलाते हैं आटा चक्की, बेटी ने पहले ही प्रयास में UGC NET-JRF कर रचा इतिहास
मऊ। जिले के अलीनगर की रहने वालीं प्रीति गुप्ता ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रीति ने अपने पहले ही प्रयास में प्रतिष्ठित UGC NET-JRF परीक्षा क्वालीफाई कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रीति के पिता शिव शंकर गुप्ता अलीनगर में आटा चक्की चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की शिक्षा और उसके सपनों को हमेशा प्राथमिकता दी। पिता के संघर्ष और माता-पिता के सपनों को अपनी ताकत बनाकर प्रीति ने लगातार मेहनत की और आज सफलता की नई इबारत लिख दी।
प्रीति ने बनारस में मास्टर्स की पढ़ाई के दौरान ही अपने पहले वर्ष से UGC NET-JRF की तैयारी शुरू कर दी थी। लक्ष्य के प्रति समर्पण और नियमित मेहनत का परिणाम यह रहा कि उन्होंने अपने पहले ही अटेम्प्ट में परीक्षा क्वालीफाई कर ली।
प्रीति की सफलता ने यह साबित कर दिया कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए केवल बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि मजबूत इरादों, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण की आवश्यकता होती है।
उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने प्रीति को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एक साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करने वाली प्रीति गुप्ता आज उन तमाम छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।
प्रीति की सफलता की कहानी यही संदेश देती है कि अगर सपने सच्चे हों और मेहनत लगातार हो, तो परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।

