UGC NET JRF में मऊ के अनन्त को हिन्दू स्टडीज में ऑल इंडिया में दूसरा रैंक
मऊ। जनपद के निज़ामुद्दीनपुरा स्थित डॉ. रामलाल राय गली निवासी प्रतिभाशाली छात्र अनन्त चतुर्वेदी ने UGC NET JRF में हिन्दू स्टडीज में ऑल इंडिया दूसरा रैंक प्राप्त कर मऊ जनपद सहित अपने माता-पिता और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।
अनन्त चतुर्वेदी वर्तमान में श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से एम.ए. हिंदू स्टडीज (2024-2026) की पढ़ाई पूरी किए। इससे पूर्व उन्होंने वर्ष 2021 से 2024 तक हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) से बी.एससी. फिजिकल साइंस विद केमिस्ट्री की शिक्षा प्राप्त की।
अनन्त की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई मऊ स्थित चंद्रा पब्लिक स्कूल से हुई है। बचपन से ही मेधावी रहे अनन्त ने अपनी लगन, मेहनत और निरंतर अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
अपनी सफलता का श्रेय अनन्त चतुर्वेदी अपने परिवार के सदस्यों को देते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अपने बाबा, सेवानिवृत्त अध्यापक जनार्दन चतुर्वेदी, तथा दादी श्रीमती गायत्री चतुर्वेदी, जो सोनी धापा इंटर कॉलेज, मऊ में सहायक अध्यापिका से सेवानिवृत्त हैं। आप इन्हीं के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को अपनी सफलता में महत्वपूर्ण बताया है।
अनन्त के पिता अरुण कुमार चतुर्वेदी राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, कुसमौर, मऊ में तकनीकी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता गृहिणी हैं और परिवार के सहयोग एवं संस्कारों ने अनन्त की शैक्षणिक यात्रा को मजबूती प्रदान की है।
अनन्त चतुर्वेदी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी प्रतिभाशाली युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। मऊ के लिए यह उपलब्धि निश्चित रूप से गर्व का विषय है।

