महिला हॉकी खिलाड़ी शशि कला का CISF में सब इंस्पेक्टर व आरिका का खेलो इण्डिया में चयन
० दोनों बहनों के चयन होने पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित
मऊ। डॉ भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ की महिला हॉकी खिलाड़ी शशि कला का केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ है, साथ ही शशि कला की छोटी बहन कु० आरिका का खेलों इण्डिया में चयन एवं राष्ट्रीय चैम्पियन शीप में सिल्वर मेडल प्राप्त करने पर जिलाधिकारी द्वारा दोनों बहनों को सम्मानित किया गया। शशि कला एवं आरिका दोनों बहनें डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ में हॉकी की खिलाड़ी ऑफीसर्स कॉलोनी भुजौटी की निवासी हैं।
वरिष्ठ प्रशिक्षक हॉकी ओमेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों ही बहनें हॉकी की होनहार खिलाड़ी रही, इनको खेल के प्रति जो भी जिम्मेदारी दी जाती थी उसको खेल के भावना से अमल करती थी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि कु० आरिका का चयन खेलो इंडिया में होने पर जनपद के प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल बना है, इन दोनों बहनों के चयन होने से जनपद के खिलाड़ी निश्चित रूप से प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि शशि कला एवं कु० आरिका दोनों बहनें जनपद, प्रदेश का ही नहीं बल्कि देश का भी नाम रोशन करेंगी। कु० आरिका के खेलो इंडिया में चयन होने पर भारत सरकार द्वारा प्रतिमाह ₹ 20 हजार का फैलोशिप भारतीय टीम की तैयारी के लिए दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शुरुआत 2018 में खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के रूप में हुई, जो जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख कार्यक्रम है। 2019 में, भारतीय ओलंपिक संघ ने इस पहल में भागीदारी की, जिसके परिणामस्वरूप खेलो इंडिया यूथ गेम्स के रूप में पुनः ब्रांडिंग की गई। वार्षिक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं जो युवा एथलीटों को ओलंपिक और स्वदेशी खेलों में प्रतिस्पर्धा करने के लिए एक मंच प्रदान करती हैं, भारत भर में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा और देश की समग्र खेल सफलता में भी योगदान देती हैं।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक ओमेन्द्र सिंह की देखरेख में दोनों बहनें प्रशिक्षण ले रही थीं।
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी भी शशि कला को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन होने एवं कु० आरिका का खेलों इण्डिया में चयन एवं राष्ट्रीय चैम्पियन शीप में सिल्वर मेडल प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दी गई।
साथ ही निदेशक लिटिल फ्लावर चिल्ड्रन स्कूल एवं राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मुरलीधर यादव, हॉकी प्रशिक्षक संजय सिंह, ओलंपिक संघ अध्यक्ष आनंद सिंह, हॉकी प्रशिक्षक मोइन अहमद, राजीव जायसवाल, अखिलेश खरवार, रीमा, सोनिया कुमारी, पिता रामप्यारे सहित अन्य प्रशिक्षकों द्वारा दोनों बहनों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।