आर्य समाज मऊ का वार्षिकोत्सव सम्पन्न, मेधावियों व माताओं का सम्मान
मऊ। आर्य समाज मऊनाथ भंजन के तत्वावधान में आयोजित ऋषिबोधोत्सव एवं वार्षिकोत्सव का समापन दिवस मातृ सम्मेलन और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे पुरस्कार पाकर खुशी से दमक उठे, वहीं उनकी माताओं को सम्मानित कर आयोजन को विशेष भावनात्मक आयाम प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा रहे, जिन्होंने शिक्षा, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सजग नागरिक ही सुरक्षित समाज की आधारशिला हैं।
आर्य जगत के प्रख्यात भजनोपदेशक भानु प्रकाश शास्त्री की प्रेरक उपस्थिति ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। छात्र समर पटेल ने प्रभावशाली कविता पाठ से सभी का मन मोह लिया। इंस्पेक्टर साइबर सेल राजेश्वर पांडेय ने मोबाइल एवं इंटरनेट प्राइवेसी पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए, वहीं सब इंस्पेक्टर सपना ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
मेधावियों का सम्मान, माताओं का अभिनंदन
दयानंद बल विद्या मंदिर आर्य समाज, डीएवी बाल विद्या मंदिर तथा डीएवी इंटर कॉलेज (बालक एवं बालिका) के कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उनकी माताओं को माल्यार्पण कर विशेष सम्मान दिया गया।
आर्य समाज के मंत्री प्रशांत रत्नम सिंह ने शिक्षकों के समर्पण और प्रधानाचार्य मुरलीधर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक चेतना के समन्वय का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।


