अपना जिला

घोसी तहसील में तीन नगर पंचायतों के 9 मनोनीत सभासदों को दिलाई गई शपथ, विकास के लिए लिया संकल्प

घोसी। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने क्षेत्र की तीन नगर पंचायतों के शासन द्वारा मनोनीत नौ सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।

शपथ ग्रहण समारोह में आदर्श नगर पंचायत घोसी के मनोनीत सभासद राजेश मौर्य, नागेंद्र सिंह एवं रुपेंद्र भारती, नगर पंचायत अमिला के आनंद वर्मा, महेंद्र पटेल एवं विजय तथा नगर पंचायत दोहरीघाट के राकेश गुप्ता, भरत लाल सोनकर एवं राहुल कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

समारोह के दौरान सभी नव-नामित सभासदों ने नगर विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।

उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायतों के विकास में सभासदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी जनप्रतिनिधि पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने भी सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कराने में सभासदों की अहम भूमिका बताई।

शपथ ग्रहण के उपरांत आदर्श नगर पंचायत घोसी में नव-नियुक्त सभासदों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें फूलमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *