अपना जिलाखास-मेहमान

मऊ नगर पालिका में नामित सभासदों का शपथ ग्रहण, विकास को लेकर दिखा उत्साह

मऊनाथ भंजन। नगर पालिका परिषद मऊ के बैठक कक्ष में शनिवार को राज्यपाल द्वारा नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश सरकार के प्रस्ताव पर राज्यपाल द्वारा नामित पांच नए सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिससे पालिका बोर्ड की कुल सदस्य संख्या 45 से बढ़कर 50 हो गई।

इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा नामित किये गये पांचों सदस्यों जिनमें कृष्णकान्त राय पुत्र ईश्वरीय राय, नेहा कपूर पत्नी नीरज कपूर, अविनाश सिंह पुत्र स्व0 श्रीराम विजय सिंह, दीपू चौरसिया पुत्र सुरेश चौरसिया एवं अवधेश सोनकर पुत्र रमेश सोनकर को मऊ सदर के उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी।

उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार ने नव-नामित सभासदों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ नगरवासियों को जागरूक करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से जनहित में कार्य करने की अपील की।

शपथ के बाद सभी नामित सदस्यों ने प्रदेश सरकार और विशेष रूप से नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने सभी नए सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने सभी से मिलजुल कर नगर के समग्र विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने कहा कि पांच नए सदस्यों के जुड़ने से बोर्ड और मजबूत हुआ है तथा इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य मिलकर नगर के विकास को नई दिशा देंगे।

कार्यक्रम का संचालन राजेश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पालिका के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *